
- इंदौर में जुटेंगे 1500 से अधिक बीएलओ, सीईसी करेंगे सीधा संवाद
भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार शनिवार, 04 जुलाई को दो दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश आ रहे हैं। अपने दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन मुख्य निर्वाचन आयुक्त इंदौर में बूथ लेवल ऑफिस से बात करेंगे एवं दूसरे दिन ओंकारेश्वर और महेश्वर के भ्रमण करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी आरआर पटेल ने शुक्रवार को बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 04 जुलाई को इंदौर पहुंचेंगे। वे यहां लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित बीएलओ कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। इस दौरान वे इंदौर, उज्जैन, देवास, धार और खंडवा जिले के 1,500 से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ संवाद करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ज्ञानेश कुमार देश के ऐसे पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त हैं, जिन्होंने जमीनी स्तर पर चुनाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इससे पहले दिल्ली में भी बीएलओ और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के साथ सीधे संवाद की अनूठी पहल की थी।
धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का करेंगे भ्रमण
मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश दौरा है। इंदौर में बीएलओ के साथ महत्वपूर्ण बैठक और चर्चा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ओंकारेश्वर और महेश्वर जाएंगे। इस दौरान वे ओंकारेश्वर में दर्शन और नर्मदा जी का पूजन करेंगे, जिसके बाद ऐतिहासिक महेश्वर किले का भी भ्रमण करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सायंकाल इंदौर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर