कर्नाटक में बड़ा हादसा, ग्रेनाइट खदान में चट्टान गिरने से मप्र के पांच मजदूरों समेत 7 की मौत

03 Jul 2026 00:06:53
कर्नाटक में ग्रेनाइट खदान में हादसे के बाद की तस्वीर (सोशल मीडिया से ली गई)


बेंगलुरु/भोपाल, 02 जुलाई (हि.स.)। कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना क्षेत्र में स्थित एक ग्रेनाइट खदान में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान में करीब 40 फीट ऊंचाई से अचानक विशाल चट्टान खिसककर गिर गई। इस हादसे में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पांच मजदूरों सहित कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सेंट्रल रेंज के डीआईजी एस. गिरीश ने मीडिया से बातचीत में मध्य प्रदेश के पांच मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के एक-एक मजदूर की भी जान गई है। घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दुख जताते हुए जांच के निर्देश दिए। खदान मालिक ने मृतकों के परिजन को 10-10 लाख और घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खदान में ऊपर और नीचे दो क्रशर संचालित हो रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऊपरी हिस्से में ड्रिलिंग के दौरान अचानक विशाल ग्रेनाइट चट्टान नीचे खिसक गई, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। सेंट्रल रेंज के डीआईजी एस. गिरीश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में मध्य प्रदेश के मजदूर शामिल हैं और रेस्क्यू पूरा कर लिया गया है।

मध्य प्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने घटना पर जानकारी मांगी है और कर्नाटक प्रशासन से संपर्क साधा जा रहा है। मध्य प्रदेश के श्रम विभाग के प्रमुख सचिव रघुराज एमआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- कर्नाटक में हुई एक घटना के बारे में जानकारी मिली है। मृतकों में मध्य प्रदेश के मजदूरों के शामिल होने की आशंका है। मध्य प्रदेश के श्रम आयुक्त कर्नाटक के अपने समकक्ष के संपर्क में हैं। आवश्यक समन्वय कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले पांचों मजदूर मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों में भुवनेश्वर सिंह गौंड, राजपाल सिंह (35), रामअवतार सिंह (31) और राजेश प्रसाद चौधरी (28) शामिल हैं, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, तीन मजदूर घायल हुए हैं, जिनकी पहचान गुलाब सिंह (27), राजपाल सिंह (30) और छोटू लाल के रूप में हुई है। मृतकों में एक ग्राम सिंघोरा, एक ग्राम सेमरवार और एक ग्राम चोलना का रहने वाला था। अनूपपुर एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि सभी पीड़ितों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

उधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट में हादसे की वजह ब्लास्टिंग नहीं, बल्कि चट्टान खिसकना या मिट्टी धंसना सामने आई है। वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए नए सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियंक खड़गे ने प्रथम दृष्टया लापरवाही की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि खान एवं भूविज्ञान और गृह विभाग संयुक्त जांच कर रहे हैं। दोषियों पर कार्रवाई होगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0