स्टील आयात संबंधी मुद्दों पर चर्चा के लिए खुले मंच का आयोजन करेगा इस्पात मंत्रालय

03 Jul 2026 17:05:53
इस्पात मंत्रालय के लागों का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स)। इस्पात मंत्रालय स्टील के आयात से संबंधित मुद्दों पर विचार विमर्श के लिए 9 जुलाई को खुले मंच का आयोजन करेगा। कंपनियां और एसोसिएशन्स इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए tech-steel@nic.in पर ई-मेल भेजकर अपना पंजीकरण कर सकती हैं।

इस्पात मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि स्टील के आयात से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए 9 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के नेताजी नगर स्थित जीपीओए-3 की तीसरी मंजिल पर बने 'स्टील रूम' में खुले मंच का आयोजन किया जा रहा है। मंत्रालय ने कहा यह सेशन स्टील के आयात से जुड़ी ऑपरेशनल दिक्कतों को दूर करने पर केंद्रित होगा, जिसमें सिम्स/सरल सिम्स और क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर (क्यूसीओ) से छूट जैसे मामले शामिल हैं।

मंत्रालय ने कहा कि ओपन हाउस सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें शामिल होने वालों के लिए खास टाइम-स्लॉट की जानकारी ई-मेल के जरिए दी जाएगी। मंत्रालय के मुताबिक लॉजिस्टिक्स से जुड़ी दिक्कतों के कारण बिना अपॉइंटमेंट के आना संभव नहीं होगा, जबकि ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर संगठन से सिर्फ़ एक प्रतिनिधि को ही आने की अनुमति होगी।

इस्पात मंत्रालय ने सलाह दी है कि स्टील के इंपोर्ट के लिए सिम्स/सरल सिम्स/क्यूसीओ छूट से जुड़ी किसी भी समस्या वाली कंपनी या एसोसिएशन, कन्फर्म टाइम-स्लॉट पाने के लिए 6 जुलाई को शाम 4:00 बजे तक ईमेल पर अपना अनुरोध भेज सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रजेश शंकर

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0