नेपाल में काठमांडू सहित 100 स्थानों पर बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की चेतावनी

03 Jul 2026 23:02:53
नेपाल में बर्ड फ्लू का संक्रमण


काठमांडू, 03 जुलाई (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू सहित देश के अलग अलग 100 स्थानों पर बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय ने आम नागरिकों से आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की है।

मंत्रालय के सह-प्रवक्ता डॉ. समीर अधिकारी ने बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए लोगों से संक्रमित, बीमार या मृत पक्षियों के सीधे संपर्क में न आने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि पक्षियों का मांस और अंडे अच्छी तरह पकाकर ही सेवन करें। साथ ही यदि कहीं मृत पक्षी दिखाई दें, तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी पशु सेवा कार्यालय को दें।

पशु सेवा विभाग के अनुसार अब तक 11 जिलों के 100 स्थानों पर बर्ड फ्लू संक्रमण पाया गया है, जिससे स्वास्थ्य और पशुपालन क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।

डॉ. अधिकारी के अनुसार बर्ड फ्लू पक्षियों में फैलने वाले इन्फ्लुएंजा वायरस से होने वाला एक संक्रामक रोग है। संक्रमित पक्षियों के सीधे संपर्क में आने पर कभी-कभी यह संक्रमण मनुष्यों में भी फैल सकता है, हालांकि व्यक्ति से व्यक्ति में इसका संक्रमण सामान्यतः आसानी से नहीं फैलता।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक संक्रमित पक्षियों को छूने या पकड़ने, पक्षियों की बीट या स्राव के संपर्क में आने, पक्षियों के रहने वाले स्थान की सफाई करने तथा संक्रमित पक्षियों का मांस खाने से मनुष्यों में संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।

मंत्रालय ने बताया कि मनुष्यों में बर्ड फ्लू संक्रमण होने पर कई प्रकार के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें बुखार, खांसी, गले में दर्द, सांस लेने में दिक्कत, शरीर और मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान, मतली, उल्टी और दस्त शामिल हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि संक्रमण प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध लक्षण के दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करें। स्थिति को देखते हुए सरकार निगरानी और रोकथाम के उपायों को और सख्त कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0