दमिश्क के कैफे में बम विस्फोट, नौ लोगों की मौत, 20 घायल

03 Jul 2026 18:44:53
दमिश्क में एक कैफ़े में धमाके के बाद घटनास्थल की जांच करते सीरियाई सुरक्षा बल


दमिश्क, 03 जुलाई (हि.स.)। सीरिया की राजधानी दमिश्क के 'पैलेस ऑफ़ जस्टिस' के पास हिजाज़ इलाके में एक कैफे में गुरुवार को हुए बम विस्फोट में करीब नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। सीरियाई अधिकारियों के अनुसार विस्फोट पैलेस ऑफ जस्टिस के पास स्थित कैफे में रखे गए आईईडी के कारण हुआ।

फ्रांस के अंतरराष्ट्रीय समाचार टेलीविज़न नेटवर्क फ्रांस 24 ने सीरिया की सरकारी टीवी के हवाले से बताया कि धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस और सुरक्षा बल तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए और कई इमारतें हिल गईं। पास में बैटरी की दुकान चलाने वाले ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद लोग कैफे की ओर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कैफे के समीप चश्मे की दुकान के मालिक ने बताया कि धमाके के बाद उन्होंने कई लोगों को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। यह दृश्य उन्हें सीरिया के लंबे गृहयुद्ध के दौरान हुए बम धमाकों की याद दिला गया।

दमिश्क के गवर्नर माहेर एल्डिबी ने घटनास्थल का दौरा कर कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जब भी देश में स्थिरता लौटने लगती है, कुछ तत्व उसे अस्थिर करने की कोशिश करते हैं।

यह हमला दिसंबर 2024 में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने और राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद राजधानी में हुए प्रमुख हमलों में से एक है। इससे पहले जून 2025 में दमिश्क के एक चर्च पर हुए आत्मघाती हमले में 25 लोगों की मौत हुई थी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0