क्यूबेक के साथ साझेदारी से महाराष्ट्र में होगा बड़े पैमाने पर निवेश: फडणवीस

03 Jul 2026 23:33:53

मुंबई, 03 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि क्यूबेक के साथ साझेदारी से महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर निवेश होगा । मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे तेज़ी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। देश में आने वाले कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का लगभग 40 प्रतिशत निवेश महाराष्ट्र में आता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और खनन अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कनाडा के क्यूबेक प्रांत के अंतरराष्ट्रीय संबंध मंत्री क्रिस्टोफर स्कीट के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने विधान भवन में मुलाकात की। इस अवसर पर राज्य के प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वर्ष 2018 में मॉन्ट्रियल की यात्रा के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा, जैव प्रौद्योगिकी तथा जनजातीय कल्याण जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे। ये समझौते महाराष्ट्र और क्यूबेक के बीच मजबूत एवं घनिष्ठ संबंधों के प्रतीक हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के नेतृत्व में आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मुंबई में महाराष्ट्र में निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवी मुंबई में एज्युसिटी का विकास किया जा रहा है, जहाँ सभी आवश्यक विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने क्यूबेक के विश्वविद्यालयों से आग्रह किया कि वे एज्युसिटी में अपने परिसर स्थापित करें और विशेष रूप से माइनिंग इंजीनियरिंग से संबंधित पाठ्यक्रम प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत संरचना परियोजनाओं के साथ-साथ वाढवण बंदरगाह परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। उद्योगों की स्थापना के लिए महाराष्ट्र में निवेश-अनुकूल नीतियाँ लागू हैं और राज्य में किया गया निवेश दीर्घकालिक लाभ देने वाला है। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल और स्ट्रैटेजिक मिनरल्स के क्षेत्र में क्यूबेक के निवेशकों के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में भी महाराष्ट्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। नागपुर क्षेत्र में डिफेंस कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जिससे एयरोस्पेस क्षेत्र का मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र तैयार हो रहा है। इसके अलावा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), डेटा सेंटर, बैटरी स्टोरेज और कृषि क्षेत्र की नई प्रौद्योगिकियों में भी महाराष्ट्र अग्रणी बन रहा है। उन्होंने क्यूबेक से महाराष्ट्र के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर क्यूबेक के अंतरराष्ट्रीय संबंध मंत्री क्रिस्टोफर स्कीट ने कहा कि क्यूबेक कनाडा का एक अत्यंत विकसित प्रांत है, जहाँ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा सेंटर, शिक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि क्यूबेक महाराष्ट्र के साथ विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह भी बताया कि क्यूबेक अपनी पेंशन फंड संस्थाओं के माध्यम से भारत में बड़े पैमाने पर निवेश करने की तैयारी कर रहा है तथा साझेदारी के माध्यम से महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने में विशेष रुचि रखता है।

इस बैठक में उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डॉ. पी. अनबलगन, राजशिष्टाचार विभाग के सचिव राजेश गवांदे, क्यूबेक सरकार के अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के सहायक उपमंत्री डॉमिनिक मार्कोट्टे, सलाहकार लिया फोर्टिन, निदेशक माइकल कॉन्स्टेनिन, स्टीफन फ्लेकर तथा क्यूबेक की निवेश संस्था सीडीपीक्यू के भारत स्थित प्रबंध निदेशक नटराजन वेंकटरमण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0