राष्ट्रमंडल खेल 2026: आज भारत की नजर कई पदकों पर, नीरज चोपड़ा और मीराबाई के बाद अब मार्टिना-लवप्रीत से उम्मीदें

30 Jul 2026 00:43:53

ग्लासगो, 30 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में आज का (गुरुवार का) दिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम रहेगा। एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, लॉन बॉल्स, ट्रैक साइक्लिंग और पैरा ट्रैक साइक्लिंग सहित कई स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी पदक की चुनौती पेश करेंगे।

भारतीय दल की सबसे बड़ी उम्मीदें वेटलिफ्टिंग में मार्टिना देवी माईबाम और लवप्रीत सिंह से रहेंगी। मार्टिना महिला +86 किग्रा वर्ग के फाइनल में उतरेंगी, जबकि लवप्रीत पुरुष +110 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। भारत अब तक वेटलिफ्टिंग में सात पदक जीत चुका है, जिसमें एक स्वर्ण शामिल है।

एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह पुरुष भाला फेंक क्वालिफिकेशन में हिस्सा लेंगे। वहीं पारुल चौधरी महिला 5000 मीटर दौड़ में पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी। पुरुष शॉटपुट फाइनल में तजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

महिला डिस्कस थ्रो फाइनल में निधि रानी और सीमा, जबकि पुरुष ट्रिपल जंप क्वालिफिकेशन में प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर पूरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं—100 मीटर, लंबी कूद, शॉटपुट, हाई जंप और 400 मीटर—में चुनौती पेश करेंगे। पुरुष 400 मीटर सेमीफाइनल में विशाल टी.के. और 200 मीटर सेमीफाइनल में अनिमेष कुजूर भी भारतीय चुनौती को मजबूत करेंगे।

ट्रैक साइक्लिंग में भारत की पुरुष टीम स्प्रिंट स्पर्धा के क्वालिफाइंग राउंड में उतरेगी और क्वालिफाई करने पर कांस्य एवं स्वर्ण पदक मुकाबलों में भी भाग लेगी। वहीं पैरा ट्रैक साइक्लिंग में लीशा दास महिला C4-C5 4000 मीटर इंडिविजुअल पर्स्यूट में अपनी चुनौती पेश करेंगी।

लॉन बॉल्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार पुरुष युगल तथा नयनमोनी सैकिया महिला एकल वर्ग के मुकाबलों में खेलेंगी।

भारत की नजर गुरुवार को अपने पदकों की संख्या में और इजाफा करने पर रहेगी, क्योंकि कई प्रमुख खिलाड़ी फाइनल और क्वालिफिकेशन मुकाबलों में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0