यूपीटी-20 लीग युवाओं को बड़े खिलाड़ियों से सीखने का दे रही मंच : विशेष गौर

30 Jul 2026 17:15:53
गौर गोरखपुर लायंस के मालिक विशेष गौर


लखनऊ, 30 जुलाई (हि.स.)। यूपीटी-20 लीग के चौथे संस्करण के शुरू होने में अब दो सप्ताह का समय शेष है और सभी फ्रेंचाइज़ियां अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। गोरखपुर लायंस के मालिक विशेष गौर ने कहा कि यूपीटी-20 लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए बेहतरीन मंच बन चुकी है, जहां उन्हें भारतीय टीम और आईपीएल में खेल चुके खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलता है। इससे उनके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होती है और उन्हें खेल की बारीकियां सीखने का मौका मिलता है।

विशेष गौर ने अपनी टीम को संतुलित बताते हुए कहा कि नीलामी में टीम ने अपनी अधिकांश प्राथमिकताओं को पूरा किया। उन्होंने बताया कि आर्यन जुयाल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि शिवम शर्मा उपकप्तान होंगे। इसके अलावा पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अंकित राजपूत को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी नीलामी में टीम ने शिवम चौधरी को 21 लाख रुपये में इसलिए खरीदा, क्योंकि टीम को शीर्ष क्रम में एक अनुभवी और भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज की जरूरत थी। गौर ने कहा कि शिवम चौधरी न केवल शानदार बल्लेबाज हैं, बल्कि नेतृत्व क्षमता भी रखते हैं और टीम को मजबूत शुरुआत दिला सकते हैं।

विशेष गौर ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की भी सराहना करते हुए कहा कि लीग हर साल नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है। इस बार मुकाबलों का आयोजन लखनऊ और कानपुर—दो शहरों में किया जाना एक बड़ा और सराहनीय कदम है, जिससे प्रतियोगिता का दायरा बढ़ेगा और अधिक दर्शकों तक इसकी पहुंच बनेगी। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और यूपीटी-20 लीग संचालन परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और लगातार प्रयासों के कारण यह लीग उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत मंच बन गई है।

विशेष गौर ने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना युवा क्रिकेटरों के लिए किसी बड़ी पाठशाला से कम नहीं है। उन्होंने कहा, जब युवा खिलाड़ी भारतीय टीम या आईपीएल में खेल चुके खिलाड़ियों के साथ रहते हैं, तो वे उनकी तैयारी, फिटनेस, अभ्यास और दबाव से निपटने के तरीके को करीब से देखते हैं। इससे उनमें यह विश्वास पैदा होता है कि वे भी एक दिन उसी स्तर तक पहुंच सकते हैं।

यूपीटी-20 लीग के चौथे संस्करण का उद्घाटन समारोह और शुरुआती मुकाबले भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में होंगे। इसके बाद प्रतियोगिता ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर में पहुंचेगी, जहां प्लेऑफ और फाइनल सहित दूसरे चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। 3 सितंबर को क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर, 4 सितंबर को क्वालिफायर-2 तथा 6 सितंबर को फाइनल और समापन समारोह होगा। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और आठ सिंगल हेडर मुकाबले शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0