दतिया विधानसभा उपचुनाव : शाम पांच बजे तक हुई 69.36 प्रतिशत वोटिंग

30 Jul 2026 18:57:53
दतिया विधानसभा उपचुनावः मतदान के लिए लगी कतार


मतदान के लिए लगी लाइन


भोपाल/दतिया, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हो रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, यहां शाम पांच बजे तक 69.36 फीसदी मतदान हो चुका है। मतदान के प्रति भारी लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केन्द्रों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं।

दतिया विधानसभा क्षेत्र में 291 मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे मतदान होगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान के दौरान कांग्रेस ने सिरोल और जिगना में फर्जी वोटिंग की शिकायत की। पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से बात की। इस पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जब हारती है तो आरोप लगाती है। ये उनकी हताशा-निराशा का परिचय है।

बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाया। सूचना पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने मतदान किया। उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों का जायजा लिया।

इधर, रामसागर गांव के मतदान केंद्र से पुलिस, कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को अपने साथ ले गई। एजेंट पर मतदाताओं से बात करने का आरोप लगाया गया है। जब साथियों ने इसका वीडियो बनाया तो पुलिस ने उन्हें रोका। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के थाने पहुंचने पर पुलिस ने पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया।

दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 23 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के बीच है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, मतगणना 3 अगस्त को होगी और इसी दिन परिणाम भी घोषित किया जाएगा।

दतिया सीट कांग्रेस के राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक में फर्जीबाड़ा मामले में एमपीएमएलए न्यायालय से दो साल की सजा होने के बाद खाली हुई है। यहां 2023 विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 80.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोट से हराया था। भारती को 88977 जबकि नरोत्तम को 81235 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर नोटा को 1452 मत हासिल हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0