रेल मंत्री से मिले इंदौर सांसद लालवानी, सिंहस्थ-2028 को लेकर रेल सेवाओं के विस्तार की रखी मांग

30 Jul 2026 19:04:53
रेल मंत्री वैष्णव से मुलाकात कर इंदौर सांसद ने सौंपा मांग पत्र


रेल मंत्री वैष्णव के साथ इंदौर सांसद लालवानी


इंदौर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर सांसद शकर लालवानी ने गुरुवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर इंदौर और मालवा क्षेत्र की रेल अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में विस्तृत चर्चा की और मांग पत्र सौंपा।

सांसद लालवानी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि रेल मंत्री के साथ हुई बैठक में इंदौर एवं आसपास के रेलवे स्टेशनों के विस्तार, लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी, नई ट्रेनों के संचालन, बढ़ाए गए फेरों को नियमित करने तथा यात्रियों की सुविधाओं के व्यापक विस्तार सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाला सिंहस्थ महाकुंभ विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इंदौर प्रदेश का सबसे बड़ा शहर होने के साथ-साथ सिंहस्थ के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार भी है। ऐसे में इंदौर एवं आसपास के रेलवे नेटवर्क को समय रहते मजबूत करना, स्टेशनों का विस्तार करना तथा यात्रियों के लिए आधुनिक और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में इंदौर रेलवे स्टेशन एवं लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के साथ-साथ राऊ, सैफी नगर, राजेंद्र नगर, चंद्रावतीगंज सहित आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विस्तार, प्लेटफॉर्म क्षमता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अधोसंरचना विकसित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

उन्होंने इंदौर-खंडवा रेल परियोजना, इंदौर-दाहोद रेल परियोजना सहित क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया। उन्होंने इंदौर से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनों के संचालन, वर्तमान में अतिरिक्त फेरों के रूप में चल रही ट्रेनों को नियमित करने तथा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई रेल सेवाएं प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद लालवानी के उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को सभी परियोजनाओं एवं प्रस्तावों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए इंदौर एवं आसपास के रेलवे विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।

सांसद लालवानी ने कहा कि सिंहस्थ-2028 केवल उज्जैन का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे मालवा और मध्य प्रदेश की आस्था, सेवा और व्यवस्थाओं की परीक्षा है। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंदौर की रेल अधोसंरचना को समय रहते सुदृढ़ करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंदौर रेलवे स्टेशन, लक्ष्मीबाई नगर सहित आसपास के स्टेशनों का विकास, नई ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त फेरों को नियमित करना तथा लंबित रेल परियोजनाओं को गति देना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सकारात्मक सहयोग से इंदौर एवं मालवा क्षेत्र की रेल परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय, सुरक्षित एवं सुगम रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0