एक किलो से अधिक संदिग्ध हेरोइन के साथ असम का तस्कर गिरफ्तार, केसीपी के दो उग्रवादी भी दबोचे

30 Jul 2026 17:07:53
The images Shared by Manipur Police.


इम्फाल, 30 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी तथा उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाइयों में एक किलो से अधिक संदिग्ध हेरोइन बरामद कर असम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, प्रतिबंधित संगठन कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) के दो सक्रिय उग्रवादियों को भी दबोचा गया है।

गुरुवार को सुरक्षा बलों ने सेनापति जिले के सेनापति थाना क्षेत्र स्थित टी-खुलेन चेक पोस्ट पर एक सफेद बोलेरो (एनएल-07सीसी-2510) को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार असम के मोरीगांव जिले के निवासी अलाल उद्दीन (33) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 1.120 किलो संदिग्ध हेरोइन और 5,000 नकद बरामद किए गए।

इसके अलावा, 29 जुलाई को मणिपुर पुलिस ने थौबल जिले के खोंगजोम थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-02 पर खोंगजोम इलाके से प्रतिबंधित केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय सदस्य मैबाम राजकुमार सिंह उर्फ चिंकांग (28) को गिरफ्तार किया। वह तेंथा मथक लीकाई का निवासी है।

एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने 29 जुलाई को ही इंफाल पश्चिम जिले के इंफाल थाना क्षेत्र स्थित थांगमेइबंद पोलेम लीकाई में उसके आवास से केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) गुट के सक्रिय सदस्य लीशांगथेम लामंगनबा सिंह उर्फ नुंगसिबा उर्फ नाओबा (23) को गिरफ्तार किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0