मांजलपुर उपचुनाव में शाम छह बजे तक 39.5 % मतदान, कम वोटिंग से भाजपा-कांग्रेस की बढ़ी चिंता

30 Jul 2026 22:14:53
मतदान की फाइल फोटो


वडोदरा, 30 जुलाई (हि.स.)। गुजरात की वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शाम छह बजे तक 39.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अपेक्षाकृत कम मतदान ने भाजपा और कांग्रेस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

मांजलपुर विधानसभा सीट वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। तब से इस सीट पर लगातार भारतीय जनता पार्टी का कब्जा रहा है। पिछले तीन चुनावों में भाजपा के योगेश पटेल ने जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा ने शहर के दूसरे हिस्से में रहने वाले सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने इसी विधानसभा क्षेत्र के निवासी और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर भरोसा जताया।मतदान के दौरान कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई आरोप लगाए। पार्टी का कहना है कि भाजपा नेताओं ने आचार संहिता का उल्लंघन किया तथा कांग्रेस नेताओं पर हमले किए। कांग्रेस ने इन मामलों में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। हालांकि इन आरोपों पर वडोदरा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आईएएस अनिल धामेलिया की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।उधर, मतदान संपन्न होने के बाद भाजपा शहर अध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश सोनी ने मांजलपुर विधानसभा के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी का धन्यवाद दिया।कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री भिखाभाई रबारी ने भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ बस्तियों में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन और शराब बांटने का प्रयास किया गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात विधानसभा के आम चुनाव 2027 में होने हैं। ऐसे में मांजलपुर उपचुनाव के नतीजों को राज्य की राजनीतिक दिशा और मतदाताओं के रुझान का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। इसलिए इस उपचुनाव के परिणाम पर पूरे प्रदेश की राजनीतिक निगाहें टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0