नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र को राष्ट्रपति की सलाह, कहा- 'सभी को साथ लेकर स्थिति शांत करें'

30 Jul 2026 21:44:53
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने की राष्ट्रपति से मुलाकात


काठमांडू, 30 जुलाई (हि.स.) नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने राजनीतिक दलों सहित सभी पक्षों को साथ लेकर संयमपूर्वक स्थिति को शांत करने और सद्भाव कायम करने का प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से आग्रह किया है।

प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार राष्ट्रपति से मिलने पहुंचे प्रधानमंत्री शाह ने सुनसरी घटना के कारण देश में उत्पन्न परिस्थिति के बारे में ब्रीफिंग की।

राष्ट्रपति के प्रेस सलाहकार किरण पोखरेल के अनुसार, राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री शाह से देश के विभिन्न हिस्सों में हुई विषम घटनाओं और परिस्थिति के बारे में जानकारी ली।

सलाहकार पोखरेल ने कहा, देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसक घटनाएं बढ़ने के बाद राष्ट्रपति पौडेल ने प्रधानमंत्री शाह को गुरुवार को शीतल निवास (राष्ट्रपति भवन) बुलाकर स्थिति पर चिंता और चासो व्यक्त की।

प्रधानमंत्री शाह ने राष्ट्रपति पौडेल को शांति-व्यवस्था कायम करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री शाह ने गुरुवार शाम को ही राष्ट्र के नाम संबोधन देते हुए प्रतिबद्धता जताई थी कि सरकार नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए और अधिक जिम्मेदार होकर काम करेगी। दोनों के बीच करीब 15 मिनट बातचीत हुई थी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0