नेपाल के सुनसरी हिंसा के विरोध में बंद से जनकपुर में जनजीवन प्रभावित

30 Jul 2026 14:00:53
जनकपुर बंद कराते युवा


काठमांडू, 30 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सुनसरी में हुई सांप्रदायिक हिंसा के विरोध में हिंदू सम्राट सेना की ओर से गुरुवार को आहूत एक दिवसीय बंद के कारण जनकपुरधाम में जनजीवन प्रभावित हुआ।

बंद के चलते यहाँ के मुख्य बाज़ार क्षेत्र, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सुबह से ही पूरी तरह बंद रहे। हिंदू सम्राट सेना ने इससे पहले ही जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ और स्थानीय व्यवसायियों से बाज़ार बंद रखकर एकजुटता दिखाने का आग्रह किया था।

हिंदू सम्राट सेना के अनुसार जनकपुरधाम के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों- जनक चौक, शिव चौक, कदम चौक, रामानंद चौक और भानु चौक सहित आसपास के इलाकों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। कुछ खुली हुई दुकानों को भी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बाजार में गश्त करके बंद करवा दिया।

आयोजक संस्था ने सुनसरी घटना में जान गंवाने वाले हिंदुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों को अविलंब न्याय दिलाने की मांग की है। इसके साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का दबाव भी बनाया गया है।

बंद के दौरान होने वाली संभावित गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जनकपुरधाम के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल को तैनात किया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0