पाकिस्तानः पुलिस चेकपोस्ट पर हमले में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत, 15 हमलावर मारे गए

30 Jul 2026 18:46:53
सांकेतिक


हंगू, 30 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू ज़िले में खज़ाना बांदा पुलिस चेकपोस्ट पर मंगलवार देर रात आतंकवादियों ने बड़ा हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, हमले और उसके बाद हुए ऑपरेशन में एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (डीएसपी) दियार खान समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। जबकि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 15 हमलावरों को मार गिराया गया।

पाकिस्तानी उर्दू टीवी चैनल दुनिया न्यूज के मुताबिक जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) मुजाहिद हुसैन ने बताया कि मुठभेड़ में 28 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हमलावरों ने पुलिस की तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और एक वाहन अपने साथ ले गए। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज़ कर दिया है।

फिलहाल, किसी भी संगठन ने अभी तक हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत हाल के महीनों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकी हमलों से प्रभावित रहा है।

यह हमला टैंक ज़िले में कुछ दिन पहले हुए एक अन्य हमले के बाद हुआ है, जहाँ विस्फोटकों से लदे वाहन के जरिए सुरक्षा चेकपोस्ट को निशाना बनाया गया था। उस हमले में सैनिकों, पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों समेत 15 लोगों की मौत हुई थी, जबकि सेना ने 12 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया था।

हमले के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि खैबर पख्तूनख्वा पुलिस आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में खड़ी है।

पाकिस्तान लंबे समय से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में बढ़ते आतंकी हमलों के लिए अफ़गानिस्तान से संचालित चरमपंथी समूहों को ज़िम्मेदार ठहराता रहा है, जबकि अफ़गानिस्तान की तालिबान सरकार इन आरोपों से लगातार इनकार करती रही है। इस मुद्दे को लेकर दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव भी बना हुआ है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0