वाडी-रायचूर रेलखंड पर 220 करोड़ रुपये से ट्रैक्शन सिस्टम होगा अपग्रेड

30 Jul 2026 19:01:53

नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे के वाडी-रायचूर रेलखंड पर 220 करोड़ रुपये की लागत से बिजली आपूर्ति (इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन) प्रणाली को अपग्रेड करने की मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत 102 किलोमीटर लंबे दोहरी रेल लाइन वाले इस खंड में मौजूदा 25 केवी ट्रैक्शन सिस्टम को आधुनिक 2×25 केवी प्रणाली में बदला जाएगा।

रेल मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि वाडी-रायचूर रेलखंड उच्च घनत्व वाले उस प्रमुख रेल मार्ग का हिस्सा है, जो मुंबई, पुणे, वाडी, रायचूर, गुंटकल, कडप्पा, रेनीगुंटा और चेन्नई को जोड़ता है। नई ट्रैक्शन प्रणाली लागू होने से इस मार्ग पर अधिक संख्या में यात्री और मालगाड़ियां आसानी से चलाई जा सकेंगी। इससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु होगा और रेल सेवाओं की क्षमता भी बढ़ेगी।

रेलवे का कहना है कि यह परियोजना देश के व्यस्त रेल मार्गों पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0