
ग्लासगो, 30 जुलाई (हि.स.)। भारत के स्टार लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्थानीय समयानुसार बुधवार को पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने बर्मिंघम 2022 में जीते गए रजत पदक की सफलता को दोहराया और लगातार दूसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों के पोडियम पर जगह बनाई।
27 वर्षीय श्रीशंकर ने अपने छह प्रयासों में दूसरे प्रयास में 8.09 मीटर की छलांग लगाई, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। हालांकि दो प्रयास फाउल रहे, लेकिन पूरे मुकाबले में वह पदक की दौड़ में बने रहे।
स्वर्ण पदक जमैका के तीन बार के विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता ताजे गेल ने जीता। गेल ने चौथे प्रयास में 8.15 मीटर की छलांग लगाकर मुकाबले पर निर्णायक बढ़त बना ली। उनका यह प्रदर्शन पूरे मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ रहा। स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंज़ी ने पहले ही प्रयास में 8.08 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक हासिल किया।
भारत के एक अन्य खिलाड़ी लोकेश सत्यनाथन ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 7.97 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।
श्रीशंकर पूरे मुकाबले के दौरान बेहतरीन लय में दिखाई दिए और स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार बने रहे, लेकिन अनुभवी जमैकाई खिलाड़ी ताजे गेल ने निर्णायक क्षणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली।
श्रीशंकर का यह रजत पदक राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के एथलेटिक्स अभियान के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय एथलेटिक्स की लगातार बढ़ती मजबूती का प्रमाण भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे