पूर्वोत्तर समुदाय के लिए पहली बार होगा दिल्ली-एनसीआर नॉर्थ ईस्ट स्पोर्ट्स मीट 2026 का आयोजन

30 Jul 2026 19:27:54
The organisers Unveiling the Red Panda as the official mascot.


गुवाहाटी/नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले पूर्वोत्तर भारत के लोगों के लिए पहली बार आयोजित किए जा रहे बहु-खेल आयोजन दिल्ली एंड एनसीआर नॉर्थ ईस्ट स्पोर्ट्स मीट 2026 की घोषणा गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में की गई। इस प्रतियोगिता का आयोजन आयोजन समिति, दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन और 7 सिस्टर्स फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है।

दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष सरोज शर्मा ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि खेल राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए एसोसिएशन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता भविष्य में पूर्वोत्तर समुदाय का एक प्रतिष्ठित वार्षिक खेल महोत्सव बनेगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मानस डेका ने बताया कि इस स्पोर्ट्स मीट का उद्देश्य पूर्वोत्तर के आठों राज्यों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी संवाद और खेल भावना को भी मजबूत कर सकें। उन्होंने प्रतियोगिता के आधिकारिक शुभंकर रेड पांडा का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि सिक्किम के राज्य पशु रेड पांडा को उसकी सौम्यता, फुर्ती, बुद्धिमत्ता और संघर्षशीलता के प्रतीक के रूप में चुना गया है, जो पूर्वोत्तर की संस्कृति और पहचान को दर्शाता है।

7 सिस्टर्स फाउंडेशन के महासचिव सेवियो खोले ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहने वाले पूर्वोत्तर समुदाय के बीच एकता, मित्रता और भाईचारे को मजबूत करने का अभियान है। मुख्य समन्वयक हिनोका चोपी ने बताया कि प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर में रहने, पढ़ने और कार्यरत पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के लगभग 1,500 से 3,000 खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है।

यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली में आयोजित होगी। उद्घाटन समारोह 31 जुलाई को अपराह्न 3:30 बजे आयोजित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने इस ऐतिहासिक आयोजन में सहयोग देने के लिए ओएनजीसी, डेकाथलॉन, इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स, जे एंड के बैंक तथा स्वामी विवेकानंद एवं निकोला टेस्ला इंटरनेशनल फाउंडेशन सहित सभी प्रायोजकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, मीडिया और आम जनता से इस ऐतिहासिक खेल आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की गई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0