केंद्रीय मंत्री शेखावत ने आईएचएम पूसा में विद्यार्थियों से किया संवाद, किचन में बनाए समोसे

30 Jul 2026 19:15:53
jodhpur


नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, पूसा का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और संस्थान की किचन में जाकर उनके साथ कुकिंग में भी हाथ आजमाया।

शेखावत ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर समोसे और विशेष पकौड़े की डिश तैयार की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से हॉस्पिटैलिटी और कुकिंग के क्षेत्र में उनके अनुभवों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ बिताए इन यादगार पलों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि संस्थान में आज कुछ नया सीखने और थोड़ा सा कुकिंग में हाथ आजमाने का मौका मिला। मेरी बनाई डिश का स्वाद चखने के बाद सभी ने कहा- सर, अच्छा बना है।

उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, अब सच में अच्छा बना था या फिर स्टूडेंट्स ने सिर्फ मेरा कॉन्फिडेंस बढ़ा दिया, ये राज तो वही जानते हैं! शेखावत ने कहा कि एक बात तय है कि देश के ये युवा शेफ अपने हुनर, जुनून और मेहनत से भारत की हॉस्पिटैलिटी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, पूसा भारत के प्रमुख होटल मैनेजमेंट संस्थानों में से एक है और भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत संचालित होता है। वर्ष 1962 में स्थापित यह संस्थान होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। संस्थान द्वारा होटल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं।------------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Powered By Sangraha 9.0