जम्मू से 1,605 अमरनाथ तीर्थयात्री बालटाल बेस कैंप रवाना, जत्थे के गुजरते ही मरम्मत के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात रोका गया

31 Jul 2026 10:15:53

जम्मू, 31 जुलाई (हि.स.)। अमरनाथ तीर्थयात्रियों का 24वां जत्था आज तड़के 2ः42 बजे जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हो गया। इस बीच, जरूरी मरम्मत के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।सुखद यह है कि इससे पहले ही यह जत्था बिना बाधा के आगे बढ़ गया।

संयुक्त पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार 24वां जत्थे में शामिल तीर्थयात्री 54 गाड़ियों से रवाना हुआ। इनमें 38 बसें, सात मीडियम मोटर गाड़ियां और नौ लाइट मोटर गाड़ियां शामिल हैं। इस जत्थे में 1,215 पुरुष, 335 महिलाएं, 48 साधु, पांच साध्वी और साधुओं के साथ दो बच्चे शामिल हैं। इस जत्थे के साथ इस साल भगवती नगर बेस कैंप से रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 1,35,806 हो गई है।

उधमपुर और रामबन जिला प्रशासन के अलग-अलग आदेशों के बाद आज जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे (एनएच-44) पर गाड़ियों की आवाजाही को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह कदम उधमपुर जिले के गंगरू, किश्तवाड़ी पत्थर, समरोली और लाधा जैसी संवेदनशील जगहों पर सड़क की मरम्मत, मलबा हटाने और ढलान को मजबूत करने के मद्देनजर उठाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रियों का जत्था ट्रैफिक रोके जाने से पहले ही हाइवे के प्रभावित हिस्से को पार कर गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0