अमृतपाल के बाद पंजाब का गुरप्रीत सिंह भी एफबीआई की वांछित सूची में, संगठित अपराध के आरोप

31 Jul 2026 15:37:53
ਐੱਫਬੀਆਈ ਵੱਲੋਂ ਜਾਰੀ ਕੀਤੀ ਗਈ ਗੁਰਪ੍ਰੀਤ ਸਿੰਘ ਦੀ ਫੋਟੋ।


चंडीगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। फरवरी, 2025 में सड़क हादसे में मौत का शिकार हुए पंजाब के अमृतपाल सिंह को वांछित घोषित करके तस्वीर जारी करने के बाद अब अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने पंजाब के एक अन्य युवक गुरप्रीत सिंह को कथित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध मामले में वांछित घोषित किया है।

एफबीआई के अनुसार गुरप्रीत सिंह पर बिना लाइसेंस हथियारों का कारोबार करने, मादक पदार्थों की तस्करी की साजिश रचने और नशीले पदार्थों के वितरण में शामिल होने के आरोप हैं। एजेंसी का दावा है कि वह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन से जुड़ा हुआ था। एफबीआई का आरोप है कि पंजाब से शुरू हुआ जग्गू भगवानपुरिया संगठित अपराध गिरोह अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट सहित कई अन्य स्थानों पर सक्रिय था।

अमेरिका की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिलिस जिला अदालत ने 25 जून को गुरप्रीत सिंह के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर मादक पदार्थ रखने, उन्हें वितरित करने की साजिश और नशीले पदार्थों की आपूर्ति से संबंधित आरोप लगाए गए हैं। इससे दो दिन पहले एफबीआई ने अमृतपाल सिंह की तस्वीर भी वांछित के रूप में जारी की थी। हालांकि, अमृतपाल के परिवार ने बताया कि वह कनाडा से लौटकर जालंधर जिले के मोवाई गांव में रह रहा था और 19 फरवरी, 2025 को खेत से लौटते समय सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई थी।

जून में अमेरिका की ओर से अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ चलाए गए बड़े अभियान में जेल में बंद पंजाब के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया सहित कुल 37 आरोपियों के नाम सामने आए थे। इस अभियान को ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ नाम दिया गया था।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0