कुलगाम, 31 जुलाई (हि.स.)।
शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम ज़िले के केलम में आतंकवादियों ने दो प्रवासी मज़दूरों पर गोलीबारी की। पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा (टीआरएफ) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान जारी है।
इस घटना पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आर्मी वॉर कॉलेज, महू में हायर कमांड कोर्स-5 में शामिल हो रहे अधिकारियों से बातचीत की।
लोक भवन में आर्मी वॉर कॉलेज के अधिकारियों और फैकल्टी सदस्यों को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने मौजूदा दौर की अहम भू-राजनीतिक और भू-रणनीतिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने आतंकवाद के नेटवर्क को खत्म करने के लिए सरकार के सभी विभागों के मिलकर काम करने के तरीके पर आधारित एक व्यापक आतंकवाद-विरोधी रणनीति को अपनाने का भी ज़िक्र किया।
उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों में जम्मू-कश्मीर में आया बदलाव, भरोसे को फिर से कायम करने, नागरिकों को अपनी पसंद की ज़िंदगी जीने में सक्षम बनाने और उस सम्मान को बहाल करने की लगातार कोशिशों का नतीजा है जो लंबे समय से अस्थिरता के कारण धूमिल हो गया था।
उपराज्यपाल ने यह भी कहा कि हमारी सेनाओं को असममित की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज डेटा एनालिसिस और एल्गोरिदम की सटीकता का रणनीतिक महत्व उतना ही है जितना कि पारंपरिक सैन्य अभियानों का।
उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को ज़िंदा रखने की कोशिश करने वाले 'टेरर इकोसिस्टम' और 'कॉन्फ्लिक्ट एंटरप्रेन्योर्स' (संघर्ष से फ़ायदा उठाने वाले लोगों) के ख़िलाफ़ सर्जिकल सख्ती के साथ कड़ा एक्शन लिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में सरकारी तंत्र में आतंकवाद के समर्थकों की व्यवस्थित घुसपैठ को निर्णायक रूप से खत्म किया गया है। इससे आतंकवाद के प्रति 'ज़ीरो टॉलरेंस' (बिल्कुल बर्दाश्त न करने) का साफ़ संदेश गया है और अब जनता के पैसे से उन लोगों को मदद नहीं मिलेगी जो चुपचाप देश को अंदर से कमज़ोर कर रहे हैं।
इस मौके पर आर्मी वॉर कॉलेज के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल अजय चंदपुरिया, फैकल्टी सदस्य और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह