कर्नाटक से नीलम और तोतापुरी आम को मालदीव पहली बार हवाई मार्ग से किया गया निर्यात

31 Jul 2026 14:36:53
कर्नाटक के नीलम और तोतापुरी आमों के जारी लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। कर्नाटक के नीलम और तोतापुरी आमों का मालदीव के लिए पहली बार हवाई मार्ग से निर्यात किया गया। इससे अंतरराष्ट्रीय आम बाजार में भारत की स्थिति मजबूत होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एपीडा को इसके लिए बधाई दी है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने 30 जुलाई को हुए इस निर्यात में मदद की। ये निर्यात अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कर्नाटक की देर से पकने वाली आम की किस्मों को बढ़ावा देने एवं भारत की आम निर्यात बास्केट को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कर्नाटक से मालदीव तक नीलम और तोतापुरी आमों की पहली एयर शिपमेंट को मुमकिन बनाने के लिए एपीडा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मालदीव अब कर्नाटक के इन बेहतरीन आमों का आनंद ले सकेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कर्नाटक के आम उत्पादकों के लिए नए मौके खोलती है। इसके साथ ही किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) निर्यातक और कृषि-उद्यमी की भागीदारी को बढ़ावा देती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उनकी मौजूदगी को मजबूत करती है।

मंत्रालय ने कहा कि नीलम और तोतापुरी आमों की एक मीट्रिक टन वाली इस खेप को सीधे कर्नाटक के कोलार जिले के केजीएफ तालुक में स्थित 'प्रकृतिमाया फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड' से जुड़े किसानों से हासिल किया गया। इस खेप का निर्यात 'अहल्या देवी वेंचर्स' की डायरेक्टर अश्विनी ए ने किया, जो एक नई रजिस्टर्ड महिला उद्यमी और निर्यातक हैं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि यह भारत के कृषि-निर्यात इकोसिस्टम में महिला उद्यमियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। आम के इस खेप को एपीडा के चेयरमैन अभिषेक देव (आईएएस) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इसे संभव बनाने में निर्यातकों, किसान उत्पादक कंपनी (एफपीसी), किसानों और सभी संबंधित पक्षों की सामूहिक कोशिशों की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0