बोइंग ने यूक्रेन के एयर डिफेंस उत्पादन योजना पर लगाई रोक

31 Jul 2026 18:31:53
सांकेतिक


बर्लिन/कीव, 31 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी बोइंग कथित तौर पर पैट्रियट पैक-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों में इस्तेमाल होने वाले वॉरहेड की संवेदनशील तकनीक साझा करने से हिचकिचा रही है। जर्मन मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इससे यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों की यूरोप में इन मिसाइलों के निर्माण की योजना को झटका लग सकता है।

रूस की अंतरराष्ट्रीय समाचार टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे (आरटी) ने बताया कि जर्मन अखबार डाई वेल्ट की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि बोइंग विदेशी साझेदारों को महत्वपूर्ण सैन्य तकनीक हस्तांतरित करने के पक्ष में नहीं है। बताया गया है कि कंपनी पैक-3 इंटरसेप्टर में इस्तेमाल होने वाले सीकर वॉरहेड का निर्माण करती है, जबकि मिसाइल की बॉडी लॉकहीड मार्टिन तैयार करती है।

इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि यूक्रेन को पैट्रियट सिस्टम के निर्माण का लाइसेंस दिया जाएगा। योजना के तहत इन मिसाइलों का उत्पादन किसी यूरोपीय नाटाे सदस्य देश, संभवतः जर्मनी में किया जा सकता है, जहां उत्पादन इकाइयों को संभावित रूसी हमलों से अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, बोइंग डिफेंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीव पार्कर ने हाल ही में कहा कि कंपनी इस वर्ष 850 वॉरहेड बनाने का लक्ष्य रख रही है, जबकि 2025 में यह संख्या 650 थी।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि आगामी सर्दियों के दौरान देश की वायु रक्षा क्षमता बनाए रखने के लिए यूक्रेन को 300 अतिरिक्त पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की आवश्यकता होगी।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पैट्रियट इंटरसेप्टर समेत अमेरिका में निर्मित कई उन्नत हथियारों की वैश्विक स्तर पर कमी बनी हुई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान से जुड़े मौजूदा तनाव के कारण इन हथियारों की मांग और आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0