ताइपे ओपन: उन्नति हुड्डा महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में, देविका सिहाग को हराया

31 Jul 2026 15:17:53
उन्नति हुड्डा


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताइपे ओपन-2026 के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली। शुक्रवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में उन्नति ने हमवतन देविका सिहाग को 23-21, 21-16 से हराया।

मुकाबले के पहले गेम में उन्नति ने दमदार शुरुआत करते हुए 11-3 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, देविका ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 21-21 से बराबर कर दिया, लेकिन निर्णायक क्षणों में उन्नति ने संयम बनाए रखा और लगातार दो अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मध्यांतर तक उन्नति 11-9 से आगे थीं। इसके बाद उन्होंने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। लगातार अंक गंवाने के साथ देविका की लय भी टूटती गई और उन्नति ने 21-16 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

18 वर्षीय उन्नति अब सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान और वियतनाम की गुयेन थुई लिन्ह के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले की विजेता से भिड़ेंगी।

भारत के अन्य खिलाड़ी तन्वी शर्मा और किरण जॉर्ज भी शुक्रवार को अपने-अपने एकल क्वार्टरफाइनल मुकाबले खेलेंगे। तन्वी का सामना थाईलैंड की सुपानिदा कातेथोंग से, जबकि किरण जॉर्ज का मुकाबला जापान के युदाई ओकिमोटो से होगा।

-------------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0