राष्ट्रमंडल खेल 2026 : हर्ष सिंह ने रचा इतिहास, जूडो में जीता स्वर्ण पदक

31 Jul 2026 22:10:53
भारत के युवा जूडोका हर्ष सिंह


ग्लासगो, 31 जुलाई (हि.स.)। भारत के युवा जूडोका हर्ष सिंह ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया। 23 वर्षीय हर्ष ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ कैट्ज़ को वाज़ा-आरी (10-0) से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने आक्रामक अंदाज अपनाया, लेकिन हर्ष ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल दिखाते हुए उन्हें शुरुआती बढ़त लेने का कोई मौका नहीं दिया। मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को मैट पर गिराने और अंक हासिल करने की कई कोशिशें कीं, लेकिन शुरुआती मिनटों में किसी को सफलता नहीं मिली।

मुकाबले का निर्णायक क्षण आखिरी मिनट में आया। 3 मिनट 19 सेकंड पर हर्ष ने शानदार थ्रो और पिन के जरिए वाज़ा-आरी हासिल कर बढ़त बना ली। इसके बाद जोशुआ कैट्ज़ ने वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जीत के बाद हर्ष ने खुशी से हाथ उठाकर अपनी ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया। इस स्वर्ण पदक के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में जूडो में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी बन गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0