संसद परिसर में साधु वेश में प्रदर्शन को विहिप ने बताया, हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का अपमान

31 Jul 2026 16:26:53
विश्व हिन्दू परिषद


नई दिल्ली, जुलाई 31 (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ सुरेंद्र जैन ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों की ओर से संत वेश धारण कर किए गए प्रदर्शन पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

डॉ जैन ने इसे सनातन धर्म, पूज्य साधु-संतों तथा संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का सीधा अपमान और अनादर करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पु यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के अन्य सांसदों द्वारा संत वेश में किया गया प्रदर्शन एक बेहद निम्नस्तरीय कृत्य है।

महासचिव ने कहा कि जिस प्रकार रावण ने छल-कपट के लिए संत का छद्म वेश धारण किया था, उसी प्रकार ये नेता धार्मिक प्रतीकों का दुरुपयोग कर हिंदू आस्था पर चोट करने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्षी दलों का हिंदू विरोधी रवैया नया नहीं है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में बाधा उत्पन्न करने से लेकर अब तक, ये लगातार सनातनी आस्थाओं को निशाना बनाते रहे हैं। भव्य राम मंदिर बनने के बाद से उपजी बौखलाहट में यह सब किया जा रहा है। हिंदू समाज धैर्यवान और सहिष्णु है लेकिन उसे अपनी भाषाई व संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे से बाहर जाने पर मजबूर न किया जाए।

डॉ जैन ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि इन नेताओं में साहस है तो वे किसी अन्य धर्म के धर्मगुरुओं या मौलवियों का वेश धारण कर उनके प्रतीकों का मजाक उड़ाकर दिखाएं। ऐसा करते ही सड़कों पर उग्र प्रदर्शन होने लगेंगे और उनका बाहर निकलना कठिन हो जाएगा। विहिप ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से यह पुरजोर मांग भी की कि संसद परिसर में धार्मिक प्रतीकों का इस प्रकार अनादर करने वाले सांसदों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही इस अमर्यादित कृत्य और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के विरुद्ध विश्व हिंदू परिषद स्वयं भी कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार के कृत्यों पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया गया तो देश के साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज का आक्रोश बहुत जल्द सड़कों पर देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0