करीब दो दशक बाद कोलकाता लौटीं तसलीमा नसरीन, दमदम हवाई अड्डे पर हुआ पारंपरिक स्वागत

31 Jul 2026 15:33:53
तसलीमा नसरीन


कोलकाता, 31 जुलाई (हि.स.)। बांग्लादेश मूल की चर्चित लेखिका तसलीमा नसरीन करीब 19 वर्ष बाद शुक्रवार को कोलकाता पहुंचीं। दोपहर करीब 12:50 बजे उनका विमान दमदम स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। वहां शंखध्वनि और उलूध्वनि के साथ उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। सफेद-लाल किनारी वाली साड़ी में पहुंचीं तसलीमा ने कोलकाता की धरती पर कदम रखते ही खुशी जाहिर करते हुए कहा, बहुत अच्छा लग रहा है।

कोलकाता रवाना होने से कुछ घंटे पहले तसलीमा ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा था, आज प्रातः कोलकाता की ओर यात्रा शुरू की। इसके कुछ ही घंटे बाद वह कोलकाता पहुंचीं।

शनिवार को उनका रवींद्र सदन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है। यह आयोजन कट्टरपंथ के विरोध में आयोजित साहित्यिक सम्मेलन है, जिसका आयोजन सेक्युलर मिशन और एचआरबीएफएफ द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकीरी भी शामिल हो सकते हैं।

तसलीमा नसरीन को वर्ष 2007 में अपने उपन्यास द्विखंडित को लेकर विवाद का सामना करना पड़ा था। पुस्तक के प्रकाशन के बाद कोलकाता के कुछ इलाकों में विरोध प्रदर्शन और हिंसा हुई थी। उस समय राज्य में वाम मोर्चा सरकार थी और तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के कार्यकाल में तसलीमा को कोलकाता छोड़ना पड़ा था। इसके बाद वह लंबे समय तक शहर नहीं लौट सकीं।

करीब 19 वर्ष बाद उनकी यह वापसी साहित्यिक और सांस्कृतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। शनिवार के कार्यक्रम में उनके संबोधन पर भी सभी की नजर रहेगी।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0