अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर हुगली में एडवांस प्रशिक्षण शिविर आयोजित

04 Jul 2026 23:25:53
ट्रेनिंग की तस्वीर


हुगली, 04 जुलाई (हि.स.)। आगामी 30 जुलाई को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता की तैयारियों के मद्देनजर शनिवार को हुगली शोतोकान शितो-र्यू कराटे-डो एसोसिएशन की ओर से एक एडवांस ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया गया। लॉर्ड शिवा बैंक्वेट में आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कराटे खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने भाग लिया।

शिविर का संचालन अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षक एवं 8वीं डैन ब्लैक बेल्ट हंशी प्रेमजीत सेन ने किया। उनके साथ 4वीं डैन ब्लैक बेल्ट शिहान राणा कर्मकार ने भी खिलाड़ियों को उन्नत तकनीiकों, आत्मरक्षा, अनुशासन और प्रतियोगिता से जुड़ी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया।

इस अवसर पर हंशी प्रेमजीत सेन ने बताया कि 30 जुलाई को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से इस एडवांस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को कराटे सिखाने के लिए किसी भी संस्था में भेजने से पहले यह अवश्य सुनिश्चित करें कि वह संस्था मान्यता प्राप्त है या नहीं। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कराटे फेडरेशन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अधीन कार्य करता है, जबकि एशियन कराटे फेडरेशन ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया से संबद्ध है। इसी प्रकार कराटे एसोसिएशन ऑफ बंगाल बंगाल ओलंपिक एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त संस्था है।

हंशी सेन ने कहा कि यदि खिलाड़ी मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से प्रशिक्षण लेते हैं और प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, तो उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि सही मंच और उचित मार्गदर्शन ही खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।

प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

Powered By Sangraha 9.0