बैंक धोखाधड़ी मामले में रिलायंस कैपिटल के पूर्व सीएफओ अमित बापना गिरफ्तार

04 Jul 2026 19:17:53
सीबीआई


नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) अमित बापना को रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने बताया कि एजेंसी की जांच में सामने आया कि अगस्त 2014 से दिसंबर 2019 तक कंपनी के सीएफओ रहे बापना ने कंपनी की वित्तीय गतिविधियों में अहम भूमिका निभाई और ऐसे ऋणों को मंजूरी दी जो भारतीय रिज़र्व बैंक के दिशा‑निर्देशों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से लिए गए उधार की शर्तों के विपरीत थे।

जांच में पाया गया कि रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) द्वारा लिए गए ऋणों को विभिन्न मध्यस्थ कंपनियों के जरिए रिलायंस एडीए ग्रुप की अन्य कंपनी रिलायंस कैपिटल, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर में स्थांतरित किया गया, जिससे बैंकों को नुकसान और संबंधित कंपनियों को अनुचित लाभ हुआ।

बापना पहले से प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जांच किए जा रहे एक मामले में न्यायिक हिरासत में थे और दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद थे। सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उन्हें मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया और 4 जुलाई को गिरफ्तार किया। अदालत ने उन्हें चार दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा है।

सीबीआई ने अब तक रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े सात एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस टेलीकॉम शामिल हैं। इन मामलों की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में चल रही है। 29 मई को सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस मामले में पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें 16 आरोपियों को नामजद किया गया था। बापना की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0