
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स)। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने हाल ही में सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर वायरल हुए उस वीडियो का आधिकारिक तौर पर खंडन किया है, जिसमें एक टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस में खराबी का कारण ई20 पेट्रोल को बताया गया था। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि हाईक्रॉस पूरी तरह से ई20-कम्पैटिबल है और समस्या का असली कारण केवल 'दूषित और खराब ईंधन' था।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल एक वीडियो में दिखी 'टोयोटा हाईक्रॉस' कार की खराबी ईथेनॉल मिश्रित (ई20) पेट्रोल के कारण नहीं, बल्कि दूषित ईंधन की वजह से हुई थी। कंपनी ने बताया कि संबंधित वाहन ई20 ईंधन के अनुकूल है, उसे ई20 पेट्रोल के उपयोग के लिए डिजाइन, परीक्षण और प्रमाणित किया गया है।
टीकेएम ने कहा, ‘‘वाहन की विस्तृत तकनीकी जांच में पाया गया कि समस्या दूषित ईंधन के कारण हुई थी। कंपनी ने कहा कि निरीक्षण में यह भी पुष्टि हुई कि वाहन के किसी भी पुर्जे या ईंधन प्रणाली को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।’’ कंपनी ने कहा, ‘‘हमारी सेवा प्रक्रिया के तहत ईंधन टैंक और ईंधन लाइन को पूरी तरह खाली कर साफ किया गया तथा वाहन में मानक ई20 ईंधन भरा गया। इसके बाद वाहन का निरीक्षण किया गया, जिसमें वह सामान्य स्थिति में पाया गया और फिर ग्राहक को सौंप दिया गया।’’
टीकेएम ने कहा, ‘‘इससे स्पष्ट है कि यह घटना ई20 ईंधन के इस्तेमाल से संबंधित नहीं थी, बल्कि केवल गैर-मानक और दूषित ईंधन के कारण हुई।’’ कंपनी ने ग्राहकों से अपील की कि वे ईंधन में मिलावट या दूषित ईंधन के जोखिम को कम करने के लिए हमेशा अधिकृत और प्रतिष्ठित पेट्रोल पंपों से ही ईंधन भरवाएं, क्योंकि इससे वाहन के प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड कंट्री हेड और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंटट (कॉर्पोरेट अफेयर्स और गवर्नेंस) विक्रम गुलाटी ने कहा, ऑटोमोटिव इंडस्ट्री उन कुछ इंडस्ट्रीज में से एक है, जहां क्वालिटी और परफॉर्मेंस के मामले में बहुत कड़े नियम लागू हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास गाड़ियों के लिए एमिशन, सेफ्टी, परफॉर्मेंस वगैरह से जुड़े कड़े नियम हैं। और जैसा कि बताया गया है, फ्यूल के मामले में भी बहुत साफ नियम हैं।
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक ग्राहक ने दावा किया था कि ई20 पेट्रोल के इस्तेमाल के कारण उसकी टोयोटा हाईक्रॉस में तकनीकी समस्या आ गई है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर