फीफा विश्व कप 2026: प्री-क्वार्टर फाइनल का मंच तैयार, जानिए पूरा कार्यक्रम

04 Jul 2026 10:08:53
फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर किलियन एम्बाप्पे


नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)।

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) मुकाबलों की शुरुआत शनिवार से होगी। अब टूर्नामेंट में 16 टीमें खिताब की दौड़ में बची हैं और अगले चार दिनों में खेले जाने वाले आठ मुकाबले क्वार्टर फाइनल की तस्वीर साफ करेंगे।

इस बार मेजबान देशों कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको ने भी अंतिम-16 में जगह बनाई है।

राउंड ऑफ 16 का पहला मुकाबला 4 जुलाई को ह्यूस्टन स्टेडियम में कनाडा और मोरक्को के बीच खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच रात 10:30 बजे शुरू होगा।

इसके बाद 5 जुलाई को फिलाडेल्फिया स्टेडियम में पराग्वे और फ्रांस आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 2:30 बजे शुरू होगा।

6 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में ब्राजील और नॉर्वे के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे खेला जाएगा। इसी दिन मेक्सिको सिटी स्टेडियम में मेजबान मेक्सिको का सामना इंग्लैंड से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होगा।

7 जुलाई को डलास स्टेडियम में पुर्तगाल और स्पेन की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे होगी। इसके बाद सिएटल स्टेडियम में अमेरिका और बेल्जियम के बीच मुकाबला सुबह 5:30 बजे खेला जाएगा।

उसी दिन भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे अटलांटा स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना मिस्र से होगा।

राउंड ऑफ 16 का अंतिम मुकाबला 8 जुलाई को वैंकूवर में स्विट्जरलैंड और कोलंबिया के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे शुरू होगा।

इन आठ मुकाबलों के विजेता क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगे और विश्व कप खिताब की दौड़ में अपनी चुनौती बरकरार रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0