
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव तरुण चुघ ने शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के साथ कई समस्याओं पर चर्चा की। मुलाकात के बाद तरुण चुघ ने कहा कि राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद उपरांत देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, सीमा पार से हो रही ड्रोन एवं नशा तस्करी, गैंगस्टरवाद तथा आम नागरिकों की सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। साथ ही पंजाब की वर्तमान परिस्थितियों से संबंधित विस्तृत तथ्य एवं जनभावनाओं से उन्हें अवगत कराया तथा राज्य में शांति, सुरक्षा एवं सुशासन सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि
संतों, महात्माओं, गुरुओं एवं शहीदों की पावन धरती पंजाब आज आम आदमी पार्टी की नौसिखिया, नालायक, नाकायाब सरकार के कारण नशे, गैंगस्टरवाद, अपराध, सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद तथा बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। प्रदेश की जनता एक सुरक्षित, समृद्ध, नशामुक्त एवं विकासोन्मुख पंजाब की अपेक्षा रखती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के उपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं अमित शाह जी के मार्गदर्शन में पंजाब में सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास का एक नया अध्याय स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि
शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह जी के आदर्शों से प्रेरित होकर भारतीय जनता पार्टी पंजाब को पुनः खुशहाल, सुरक्षित, समृद्ध एवं नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी