भाजपा ने की तमिलनाडु के उच्च शिक्षा मंत्री पर पॉक्सो के तहत कार्रवाई की मांग, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

04 Jul 2026 19:47:53
पॉक्सो मामले में कार्रवाई की मांग…. राज्यपाल से मिले नैनार नागेंद्रन, सौंपा सनसनीखेज शिकायत पत्र!!!!...


चेन्नई, 4 जुलाई (हि.स.)। तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 21 जून 2026 को मदुरै में आयोजित मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के दौरान मंत्री ने उसमें भाग लेने वाली नाबालिग लड़कियों के साथ कथित रूप से अनुचित व्यवहार किया।

राज्यपाल से मुलाकात के दौरान नैनार नागेंद्रन के साथ तमिलनाडु भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश के केंद्रीय प्रभारी अरविंद मेनन तथा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नारायणन तिरुपति भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद नैनार नागेंद्रन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने चेन्नई के गिंडी स्थित राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में हुई आपराधिक घटनाओं और प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित शिकायतें सौंपी हैं।

उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि मदुरै मैराथन के दौरान नाबालिग लड़कियों के साथ कांग्रेस से संबंधित उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन द्वारा कथित अनुचित व्यवहार किए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा ने राज्यपाल से तत्काल जांच के आदेश देने तथा जांच पूरी होने तक मंत्री को पद से निलंबित करने की मांग की है, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि राज्यपाल को एक अलग ज्ञापन भी सौंपा गया है, जिसमें 5 जून 2026 को आयोजित तमिलनाडु सरकार की मंत्रिपरिषद की बैठक में संविधान के प्रावधानों के विपरीत किसी सरकारी पद पर न रहने वाले जॉन आरोकियासामी और विष्णु रेड्डी के शामिल होने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में इस पूरे मामले की भी स्वतंत्र जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

नैनार नागेंद्रन ने कहा कि राज्य प्रशासन में पारदर्शिता, कानून का शासन, बच्चों की सुरक्षा तथा आम जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए दोनों मामलों में शीघ्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल शिकायतों में उठाए गए मुद्दों पर उचित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0