केंद्र और राज्य की नीतियों से सहकारिता क्षेत्र को मिली नई मजबूतीः मुख्यमंत्री फडणवीस

04 Jul 2026 22:31:52

मुंबई, 04 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में कहा कि केंद्र और राज्य की नीतियों से सहकारिता क्षेत्र को नई मजबूती मिली है। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र ने लगभग सौ वर्ष पहले ही सहकारिता आंदोलन के महत्व को समझते हुए किसानों को आर्थिक सशक्तता प्रदान की थी। आज भी ग्रामीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम सहकारिता ही है।

मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर आज महाराष्ट्र राज्य सहकारी संघ तथा सहकारी महाराष्ट्र के संयुक्त तत्वावधान में यशवंतराव चव्हाण सेंटर में आयोजित 'सहकार गौरव पुरस्कार समारोह' को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र ने बहुत पहले ही सहकारिता आंदोलन के महत्व को पहचान लिया था। लगभग सवा सौ वर्ष पहले सहकारिता के माध्यम से किसानों को साहूकारों के शोषण से मुक्त कराने का प्रयास शुरू हुआ। इसके बाद सहकारी ऋण संस्थाओं, बैंकिंग, कृषि, डेयरी, आवास, विपणन सहित अनेक क्षेत्रों में सहकारी संस्थाओं का विस्तार हुआ। पहली सहकारी ऋण संस्था वर्ष 1904 में स्थापित हुई, जबकि 1911 में राज्य सहकारी बैंक की स्थापना हुई। आज महाराष्ट्र में दो लाख से अधिक सहकारी संस्थाएं कार्यरत हैं और देश में सहकारिता का सबसे व्यापक नेटवर्क महाराष्ट्र में ही है। सहकारिता की वास्तविक शक्ति को पहचानते हुए 6 जुलाई 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में पहली बार स्वतंत्र सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की। पहले सहकारिता को केवल कुछ राज्यों तक सीमित आंदोलन माना जाता था, लेकिन अब इसे राष्ट्रीय स्तर पर रणनीतिक महत्व प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को नई दिशा और दूरदृष्टि मिली है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सहकारिता नीति घोषित कर अगले 20 वर्षों में देश की जीडीपी में सहकारिता क्षेत्र की हिस्सेदारी तीन गुना करने का लक्ष्य रखा है। 63 हजार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के डिजिटलीकरण, अगले पांच वर्षों में दो लाख नए पैक्स स्थापित करने, नेशनल को-ऑपरेटिव एक्सपोट्र्स लिमिटेड, नेशनल को-ऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड, भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड, अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन तथा केंद्रीय सहकारिता विश्वविद्यालय जैसे अनेक उपक्रमों से सहकारिता क्षेत्र को नई ऊर्जा मिली है।

इस अवसर पर सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न व्यक्तियों, संस्थाओं तथा पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर, उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत, कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, सहकार एवं पुनर्वास राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, महाराष्ट्र राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष विधायक प्रवीण दरेकर, विधायक रवींद्र चव्हाण, वारणा सहकार समूह के अध्यक्ष विधायक विनय कोरे, विधायक चित्रा वाघ, विधायक अभिजीत पाटील, विधायक संजय भेंडे, राज्य सहकारी संघ के संचालक शिवाजीराव नलावडे, महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक के प्रशासकीय अध्यक्ष विद्याधर अनास्कर, प्रकाश दरेकर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0