नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने देशभर के नवप्रवर्तकों की अपार रुचि को देखते हुए अपने प्रमुख राष्ट्रीय नवाचार मंच ‘नवाचार मंत्र’ के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जुलाई तक बढ़ा दी है। इससे अधिक इच्छुक उद्यमियों को आशाजनक विचारों को सफल उद्यमों में बदलने का अवसर मिलेगा।
मंत्रालय के अनुसार ‘नवाचार मंत्र’ के आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल के माध्यम से अब तक हजारों इच्छुक उद्यमियों और नवप्रवर्तकों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। विस्तारित पंजीकरण अवधि से और भी अधिक पंजीकरण होने और पूरे भारत से कई और नवोन्मेषी विचारों के सामने आने की उम्मीद है।
मंत्रालय का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य संरचित परामर्श, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, उद्योग से संपर्क और बाजार तक पहुंच के माध्यम से उच्च क्षमता वाले उद्यमशीलता विचारों की पहचान करना, उनका पोषण करना और उन्हें गति प्रदान करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा