सुनील कावथणकर गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त

05 Jul 2026 22:02:53
कांग्रेस पार्टी के झंडे (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष ने सुनील कावथणकर को गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति (जीपीसीसी) का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल द्वारा रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने सुनील कावथणकर को गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया है।

चालीस वर्षीय कावथणकर को पदोन्नत किए जाने से पहले वह गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे। इससे पहले वह नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की गोवा इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।

कावथणकर गोवा प्रदेश कांग्रेस के तीसरे कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। कांग्रेस इससे पहले विधायक कार्लोस फरेरा और अल्टोन डी’कोस्टा को भी गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर चुकी है।

पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार कावथणकर तत्काल प्रभाव से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0