बालेन्द्र सरकार के 100 दिन पूरे, विदेश मंत्रालय ने गिनाईं उपलब्धियां

05 Jul 2026 12:29:53
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल


- सरकार का दावा-1,047 नेपाली नागरिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी हुई

काठमांडू, 05 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने वर्तमान सरकार के पहले 100 दिनों की उपलब्धियों का विवरण जारी करते हुए सेवा वितरण, कांसुलर सहायता और आर्थिक कूटनीति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति का दावा किया है।

सरकार का कहना है कि इन 100 दिनों के दौरान विदेश में कठिनाइयों का सामना कर रहे नेपाली नागरिकों को कांसुलर और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘मोफा मित्र’ मोबाइल एप्लिकेशन शुरू किया गया। साथ ही, कांसुलर सेवा विभाग की ऑनलाइन कांसुलर और कानूनी परामर्श सेवाओं का विस्तार देश के सभी 77 जिलों और 537 स्थानीय निकायों तक किया गया।

मंत्रालय के अनुसार पुर्तगाल में करीब 2,000 नेपाली नागरिकों की अस्थायी निवास अनुमति (टेम्पररी रेजिडेंस परमिट) जारी होने में फर्जी कांसुलर प्रमाणीकरण मुहर के कारण उत्पन्न समस्या का समाधान भी कूटनीतिक पहल के माध्यम से किया गया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दक्षिण-पूर्व एशिया में ऑनलाइन ठगी गिरोहों के शिकार बने 819 नेपाली नागरिकों को नेपाली दूतावासों और अन्य सरकारी एजेंसियों के समन्वय से बचाकर स्वदेश वापस लाया गया।

इसी प्रकार, नेपाल की लगातार कूटनीतिक पहल के परिणामस्वरूप 20 अप्रैल को संयुक्त अरब अमीरात सरकार द्वारा दी गई आम माफी के तहत 128 नेपाली नागरिकों को रिहा कराया गया। वहीं, 16 जून को सऊदी अरब ने भी 33 नेपाली कैदियों को आम माफी प्रदान की। मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारत के विदेश मंत्रालय और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ संवाद के जरिए व्यापारिक समस्याओं का समाधान कर नेपाली चाय के भारत निर्यात को फिर से शुरू कराया गया।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच मंत्रालय ने वहां रह रहे नेपाली नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 24 घंटे सक्रिय आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम का गठन किया। इसके माध्यम से संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में फंसे 1,047 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया गया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये सभी पहल सरकार की 100-दिवसीय कार्ययोजना के तहत लागू की गईं, जिनका उद्देश्य सुशासन को मजबूत करना, सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाना और नेपाल की कूटनीतिक सक्रियता को और प्रभावी बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0