गुरनूर के 10 विकेट और सुदर्शन के शतक की मदद से इंडिया ए ने जीती सीरीज

05 Jul 2026 19:02:54
फोटो


गाले (श्रीलंका), 05 जुलाई (हि.स.)। गुरनूर बरार की घातक गेंदबाजी और साई सुदर्शन के शानदार शतक की बदौलत इंडिया ए ने श्रीलंका ए को दूसरे अनधिकृत टेस्ट में 10 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। पहला अनाधिकारिक टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। बरार ने मैच में कुल 10 विकेट झटके, जबकि सुदर्शन ने पहली पारी में 168 रन बनाए थे।

श्रीलंका के गाले में खेले गए दूसरे अनधिकृत टेस्ट के चौथे दिन रविवार को श्रीलंका ए की दूसरी पारी 209 रन पर सिमट गई। इस तरह इंडिया ए को जीत के लिए केवल 33 रन का लक्ष्य मिला, जिसे साई सुदर्शन और अमन मोखाड़े की सलामी जोड़ी ने महज 6.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। सुदर्शन ने नाबाद 25 और अमन ने नाबाद 11 रन बनाए।

श्रीलंका ए ने पहली पारी में 366 रन बनाए थे। पहली पारी में कप्तान सहन अराच्चिगे ने 207 गेंदों में 13 चौकों और दो छक्कों की मदद से 127 रन की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा नुवानिदु फर्नांडो (44), अंजला बंडारा (42), पवनथा वीरासिंघे (39), ऐशेन बंडारा (34) और सोहन डी लिवेरा (28) ने उपयोगी योगदान दिया। भारत की ओर से गुरनूर बरार और सारांश जैन ने चार-चार विकेट झटके, यश ठाकुर ने दो विकेट लिए।

जवाब में इंडिया ए ने पहली पारी 9 विकेट पर 543 रन बनाकर घोषित की। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 267 गेंदों में 22 चौकों की मदद से 168 रन की शानदार पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल शतक से चूक गए और 94 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रुतुराज गायकवाड़ 13 रन बनाकर रिटायर हर्ट हो गए। मध्यक्रम में कप्तान ध्रुव जुरेल (53) और सारांश जैन (70) ने महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

श्रीलंका ए के लिए केशरा नुवंता ने पांच विकेट झटके, जबकि दिलुम सुदीरा ने 3 विकेट हासिल किए।

दूसरी पारी में श्रीलंका ए ने 209 रन बनाए। गुरनूर बरार ने छह विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। ऐशेन बंडारा ने 86 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला। श्रीलंका ए के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और पूरी टीम 209 रन पर सिमट गई।

इंडिया ए के लिए दूसरी पारी में गुरनूर के अलावा सारांश जैन ने 2 विकेट, आकिब नबी डार और यश ठाकुर ने एक-एक विकेट लिया।

इसके बाद 33 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए साई सुदर्शन और अमन मोखाड़े ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 38 गेंदों में ही भारत को 10 विकेट से शानदार जीत दिला दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0