महाराष्ट्र में भारी बारिश, एनडीआरएफ की 17 टीमें तैनात

युगवार्ता    06-Jul-2026
Total Views |

मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। अब तक राज्य 21 लोगों के मौत की खबरें आई हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने सूबे के संदेवनशील स्थानों पर 17 नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ ) और 6 स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) टीमों को तैनात किया है।

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पालघर और नागपुर में 2-2, पुणे, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, कोल्हापुर, सांगली और धाराशिव में 1-1 टीमें और मुंबई में 4 एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही धुले और नागपुर में 2-2, नांदेड़, गडचिरोली में 2-2 एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे समय-समय पर प्रशासन की ओर से जारी किए गए सरकारी निर्देशों का पालन करें। जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें। मुंबई के सांताक्रूज में 151.2 मिमी और कोलाबा में 128 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लोनावाला में 670 मिमी, अंबोना में 537 मिमी, ताम्हिनी में 580 मिमी, भिवपुरी में 266 मिमी, भवन में 305 मिमी, निलशी में 275 मिमी, मुलशी में 230 मिमी, माथेरान में 302 मिमी, कर्जत में 291.5 मिमी, पनवेल में 182.5 मिमी, जुहू एयरपोर्ट पर 325.0 मिमी और भायंदर में 188.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। माथेरान, लोनावाला, खोपोली और लोहागढ़ इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा है। इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरएफ के साथ लगातार कोआर्डिनेशन में रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहे हैं। एसईओसी की तरफ से जीईओ-डीएसएस सिस्टम का इस्तेमाल करके खतरे और ससेप्टिबिलिटी का डिटेल्ड एनालिसिस करने के बाद अलर्ट जारी किए जा रहे हैं।

मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर कशेड़ी घाट में लैंडस्लाइड की वजह से ट्रैफ़िक बंद कर दिया गया है। खोपोली में पानी भरने की वजह से पुराना हाईवे बंद है। पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे, मिसिंग लिंक रोड और एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ़ लैंडस्लाइड की वजह से ट्रैफ़िक बंद है। मंकी हिल से ठाकुरवाड़ी तक लैंडस्लाइड की वजह से रेल ट्रैफिक बंद है। पुणे-मुंबई रेलवे लाइन बंद है। सड़क और रेल ट्रैफ़िक को आसान बनाने के लिए युद्धस्तर पर लैंडस्लाइड हटाने का काम चल रहा है। मावल तहसील के घोरावाड़ी (तालेगांव दभाड़े) में 25 लोगों को लेकर एक बस बाढ़ में फंस गई थी, लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ एक टीम भेजी गई है। मावल के पाटन में एक घर लैंडस्लाइड में डूब गया है और 3 से 4 लोगों के फंसे होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

Tags