
सूरत/मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर जलभराव और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई है। इसके कारण गुजरात की रेल सेवा प्रभावित हो गई है। रेल प्रशासन ने प्रदेश के सूरत, वलसाड और वापी रेलवे स्टेशनों पर
विशेष हेल्प डेस्क शुरू किए हैं।
पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुजरात की कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है जबकि कई ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। कुछ ट्रेनों के मार्ग भी बदल दिए गए हैं।
पश्चिम रेलवे के अनुसार 12932 अहमदाबाद–मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस अब केवल सूरत तक चलेगी। इसके बाद यही रेक 12931 सूरत–अहमदाबाद एक्सप्रेस बनकर शाम 7:25 बजे सूरत से रवाना होगी। 12934 अहमदाबाद–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस केवल वलसाड तक जाएगी और वहीं से 12933 वलसाड–अहमदाबाद एक्सप्रेस बनकर शाम 4:25 बजे लौटेगी।
इसके अलावा 19002 सूरत–विरार को उमरगाम रोड, 09705 जयपुर–बांद्रा टर्मिनस को उधना, 12990 अजमेर–दादर को नवसारी, 12479 जोधपुर–बांद्रा टर्मिनस को वापी तथा 05183 आजमगढ़–बांद्रा टर्मिनस को संजान स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है।
वहीं, मध्य रेलवे क्षेत्र में भूस्खलन के कारण 22920 अहमदाबाद–चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस, 11092 पुणे–भुज एक्सप्रेस और 12298 पुणे–अहमदाबाद दुरंतो एक्सप्रेस के मार्ग भी बदल दिए गए हैं। ये ट्रेनें अब निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक रूट से संचालित की जाएंगी। यात्रियों की सुविधा और सहायता के लिए रेलवे प्रशासन ने सूरत, वलसाड और वापी रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क शुरू किए हैं। साथ ही जरूरतमंद यात्रियों के लिए विशेष एसटी बसों की भी व्यवस्था की गई है।
रेलवे प्रशासन ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे