नवजात शिशु की मौत के मामले में मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा सरकार से रिपोर्ट तलब की

06 Jul 2026 14:36:53
लोगो


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के हिसार और रोहतक जिलों के तीन अस्पतालों में 24 घंटे तक वेंटिलेटर सहायता न मिलने के कारण नवजात शिशु की मृत्यु की खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

प्रकाशित खबरों के अनुसार शिशु का जन्म गत् एक जुलाई को हिसार के सिविल अस्पताल में ऑपरेशन द्वारा हुआ था और उसे तत्काल वेंटिलेटर की आवश्यकता थी। उसकी मां सिविल अस्पताल में भर्ती रही जबकि डॉक्टरों ने नवजात शिशु को पहले हिसार जिले के अग्रोहा स्थित मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित कर दिया। सिविल अस्पताल द्वारा अग्रोहा में भी वेंटिलेटर उपलब्ध न होने की पुष्टि के बाद शिशु को रोहतक के पीजीआईएमएस रेफर किया गया। यहां भी वेंटिलेटर न मिलने पर बच्चे को वापस हिसार लाया गया और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0