डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क बनने से 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार : मोहन यादव

06 Jul 2026 15:49:53
सतगढ़ी भोपाल में भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


सतगढ़ी भोपाल में भूमि-पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


- मप्र में इसी महीने यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने का ऐलान

भोपाल, 06 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की आजादी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके सम्मान में सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस हाई-टेक पार्क बनने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के 15 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन किया। इस मौके पर देश-प्रदेश के 200 से अधिक दिग्गज उद्योगपति और निवेशक शामिल हुए। भोपाल के सतगढ़ी में बनने वाला यह आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क करीब 173 एकड़ भूमि पर 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इस पार्क में न केवल उद्योग स्थापित होंगे, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों के रहने के लिए आवास, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) केंद्र, नवाचार और अन्य सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सतगढ़ी क्षेत्र का नाम आधिकारिक तौर पर उनके नाम पर रखने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसी महीने मध्य प्रदेश में यह ऐतिहासिक कानून लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब हिंदू भाई एक शादी करता है और सात फेरे लेता है, तो देश के सभी नागरिकों के लिए ऐसा ही एक समान कानून होना चाहिए।

कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करता आया है और इस कानून के आते ही वह दोबारा दावा करेंगे कि यह किसी धर्म विशेष के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून को लाने से पहले प्रदेश की जनता से व्यापक स्तर पर राय ली गई है, जिसमें सरकार को 10 लाख से अधिक सुझाव मिले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती तो इसे सीधे विधानसभा में पास करा सकती थी, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए जनता के सुझावों के आधार पर ही यह फैसला लिया जा रहा है।

आईटी, एआई सेक्टर में युवाओं को मिलेंगे 15 हजार से अधिक रोजगार

इस हाई-टेक पार्क में हाई वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग, गारमेंट, खिलौना उद्योग, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉजिस्टिक्स और नई तकनीकों से जुड़े उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का दावा है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के 15 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा, करीब 25 एकड़ क्षेत्र में एक विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जिसकी क्षमता 10 हजार से अधिक लोगों की होगी, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के बिजनेस समिट और व्यापार मेले आयोजित हो सकेंगे।

भूमि-पूजन के साथ ही 100 करोड़ के निवेश की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बताया कि सतगढ़ी में सिर्फ कागजी भूमि-पूजन नहीं हो रहा है, बल्कि धरातल पर तत्काल 100 करोड़ रुपये के निवेश की शुरुआत भी हो चुकी है, जिसकी घोषणा प्रतिष्ठित सागर ग्रुप के एमडी सुधीर अग्रवाल ने मंच से की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भोपाल अब केवल पहाड़ों, नदियों, जंगलों और खूबसूरत तालाबों के लिए ही नहीं, बल्कि बड़े उद्योगों और बंपर रोजगार के लिए भी पूरे देश में अपनी नई पहचान बनाएगा।

एमपी में 10 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा

निवेश के आंकड़ों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साल हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में करीब 30 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से रिकॉर्ड 10 लाख करोड़ रुपये यानी लगभग 30 प्रतिशत का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इसके अलावा अकेले कृषि क्षेत्र में 86 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है।

कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए भोपाल गैस त्रासदी और यूनियन कार्बाइड कारखाने का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की तत्कालीन सरकार ने गैस त्रासदी के मुख्य आरोपित को सरकारी विमान उपलब्ध कराकर देश से सुरक्षित बाहर भगाने में मदद की थी और दो दशकों तक वहां का जहरीला कचरा हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने यूनियन कार्बाइड परिसर से वो कचरा साफ करने का काम किया है। अब हम उस स्थान पर एक भव्य स्मारक बनाएंगे, जो त्रासदी में जान गंवाने वाले हजारों लोगों की याद दिलाएगा और साथ ही वहां एक अत्याधुनिक अस्पताल भी बनाया जाएगा जो लोगों को जीवन देने का काम करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Powered By Sangraha 9.0