महिला टी20 विश्व कप 2026 में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं श्री चरणी

06 Jul 2026 14:50:53
विकेट लेने के बाद खुशी मनातीं श्री चरणी (बीच में) व अन्य भारतीय खिलाड़ी


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम भले ही महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी, लेकिन बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का गौरव हासिल किया। उन्होंने पांच मैचों में 14 विकेट लेकर इस विश्व कप की शीर्ष विकेट लेने वाली गेंदबाज के रूप में अभियान समाप्त किया।

श्री चरणी ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी की। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नीदरलैंड के खिलाफ रहा, जहां उन्होंने मात्र 19 रन देकर चार विकेट झटके। इसके अलावा पाकिस्तान के खिलाफ 21 रन देकर तीन, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 24 रन देकर तीन, बांग्लादेश के खिलाफ 21 रन देकर दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

विश्व कप में श्री चरणी ने ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यू, पाकिस्तान की फातिमा सना और उपविजेता इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन जैसी दिग्गज गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यू ने सात मैचों में 11 विकेट लिए, जबकि पाकिस्तान की फातिमा सना ने पांच मैचों में 11 विकेट अपने नाम किए। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन ने सात मुकाबलों में 10 विकेट हासिल किए। वहीं वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज भी छह मैचों में 10 विकेट लेने में सफल रहीं।

हालांकि भारत का विश्व कप अभियान उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन श्री चरणी का प्रदर्शन टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक उपलब्धियों में से एक रहा। उनकी लगातार प्रभावी गेंदबाजी ने भविष्य के बड़े टूर्नामेंटों के लिए भारतीय टीम को नई उम्मीद दी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0