लगातार चौथे दिन मजबूती के साथ शेयर बाजार बंद, निवेशकों को 2.64 लाख करोड़ का फायदा

06 Jul 2026 17:23:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में नरमी आने, विदेशी निवेशकों की जमकर खरीदारी और कई बैंकों के मजबूत तिमाही परिणामों के कारण घरेलू शेयर बाजार सप्ताह के पहले दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली। हालांकि, दोपहर 1:30 के बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बाजार में थोड़ी गिरावट भी आई, लेकिन कुछ देर बाद ही दोबारा खरीदारी शुरू हो जाने पर इनकी चाल में तेजी आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.67 प्रतिशत और निफ्टी 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान रियल्टी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह एनर्जी, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, मीडिया और आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉल कैप इंडेक्स ने 0.75 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 482.33 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 479.69 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.64 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,544 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,054 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,286 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 204 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,016 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,371 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,645 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर बढ़त के साथ और 13 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 176.99 अंक की मजबूती के साथ 77,940.90 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होने के तुरंत बाद लिवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक मामूली गिरावट के साथ 77,879.70 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों में लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 1:30 बजे के करीब सेंसेक्स 634.15 अंक की छलांग लगा कर 78,398.06 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। हालांकि, शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले खरीदारों एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने दोबारा रफ्तार हासिल कर ली। बाजार में पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स 521.16 अंक की बढ़त के साथ 78,285.07 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 36 अंक उछल कर 24,306.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 20 अंक टूट कर 24,287.10 अंक तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 1:30 बजे के करीब यह सूचकांक 187.80 अंक की तेजी के साथ 24,458.65 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 159.50 अंक की मजबूती के साथ 24,430.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिन भर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी बैंक 3.60 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.85 प्रतिशत, बजाज ऑटो 2.57 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.55 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा 3.89 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 1.81 प्रतिशत, टीसीएस 1.71 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.45 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 1.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0