(अपडेट) ईडी ने पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से की पूछताछ

06 Jul 2026 22:24:53
फाइल फोटो ईडी कार्यालय


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड सरकार के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से सोमवार को दिनभर पूछताछ की। ईडी ने रोहित से सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक पूछताछ की।

रोहित उरांव ईडी के दूसरे समन पर पूछताछ में शामिल होने के लिए ईडी के रांची एयरपोर्ट रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पहुंचे थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी ने उनसे पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान शराब के धंधे में निवेश, योगेंद्र तिवारी व अधिकारियों-नेताओं के करीबी रहे प्रेम प्रकाश से संबंधों पर भी ईडी ने उनसे पूछताछ की है। रोहित उरांव ने अपने जवाब से ईडी के अधिकारियों को संतुष्ट करने का प्रयास किया है। अब ईडी उनके जवाब की समीक्षा कर रही है।

जांच के क्रम में ही मंगलवार को ईडी पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से भी पूछताछ करेगी। रामेश्वर उरांव लोहरदगा सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। ईडी को जानकारी मिली थी कि पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान रोहित उरांव ने शराब के धंधे में काले धन का निवेश किया, जिसमें योगेंद्र तिवारी और प्रेम प्रकाश का भी सहयोग मिला।

इन्हीं सभी बिंदुओं पर रोहित उरांव से पूछताछ की गई है। रोहित उरांव से चार साल पुराने इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) के आधार पर ईडी ने पूछताछ की है।

ईडी ने देवघर में दर्ज चार अलग-अलग प्राथमिकियों के आधार पर 31 मार्च 2022 को ईसीआइआर दर्ज की थी। इसके बाद देवघर और जामताड़ा से जुड़े करीब 15 अन्य प्राथमिकियों को भी अपने इस ईसीआइआर से अटैच किया था।

ये प्राथमिकियां अवैध तरीके से दूसरे की जमीन पर कब्जा व फर्जी दस्तावेज पर खरीद-बिक्री, अवैध बालू कारोबार व अवैध तरीके से शराब की खरीद-बिक्री से संबंधित थीं।

केस दर्ज करने के बाद ईडी ने 23 अगस्त 2023 को झारखंड सरकार के तत्कालीन वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव व शराब माफिया योगेंद्र तिवारी के आवास सहित 36 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव के ठिकाने से 30 लाख रुपये नकदी मिले थे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ईडी ने रोहित उरांव को पहला समन जारी कर 29 जून को और रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, दोनों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए तीन-तीन सप्ताह का समय मांगा था।

ईडी ने उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद केवल एक सप्ताह की मोहलत दी और दूसरा समन जारी करते हुए रोहित उरांव को छह जुलाई तथा रामेश्वर उरांव को सात जुलाई को ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Powered By Sangraha 9.0