कोलकाता में अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी से मिले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

06 Jul 2026 18:59:53
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी फाइल फोटो


कोलकाता, 06 जुलाई (हि. स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अपने कोलकाता दौरे के दौरान वरिष्ठ अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी के बालीगंज स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की। यह मुलाकात उनके पूर्व निर्धारित सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं थी, जिसके बाद इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अमित शाह सबसे पहले कोलकाता हवाई अड्डे से ईको पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी। इसके बाद वह भवानीपुर स्थित डॉ. मुखर्जी के पैतृक आवास गए और वहां कुछ समय बिताया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें वहां से मिलन मेला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन उससे पहले वह सीधे प्रसेनजीत चटर्जी के आवास पहुंच गए और उनसे मुलाकात की। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक रूप से बातचीत का विवरण साझा नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि, इसी वर्ष सात फरवरी को केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार भी अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी के आवास पहुंचे थे। उस समय उनके साथ अभिनेता रुद्रनील घोष भी मौजूद थे।

पद्मश्री सम्मान मिलने पर सुकांत मजूमदार ने प्रसेनजीत को शुभकामनाएं दी थीं और उन्हें रामलला की प्रतिमा भेंट की थी। उस मुलाकात में फिल्म जगत, अभिनय, पश्चिम बंगाल और देश की समग्र परिस्थितियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई थी। उस समय सुकांत मजूमदार ने स्पष्ट किया था कि उनकी मुलाकात पूरी तरह शिष्टाचार भेंट थी और इसका कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा था कि हर मुलाकात को राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए तथा शिक्षा और फिल्म उद्योग को राजनीतिक हस्तक्षेप से दूर रखा जाना चाहिए। --------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0