
भारतीय इतिहास में 09 जुलाई की तारीख कई महत्वपूर्ण घटनाओं की साक्षी रही है। हिंदी सिनेमा के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन भारतीय फिल्म जगत के दो महान कलाकार गुरुदत्त और संजीव कुमार का जन्म हुआ था। दोनों ने अपने अभिनय और रचनात्मक प्रतिभा से भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
आज ही की तारीख में 1925 को कर्नाटक में जन्मे वसंत कुमार शिवशंकर पादुकोण, जिन्हें दुनिया गुरुदत्त के नाम से जानती है, हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता, निर्देशक और निर्माता थे। उन्होंने अपनी फिल्मों में मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक यथार्थ और कलात्मक दृष्टि का ऐसा समन्वय किया, जो आज भी मिसाल माना जाता है।
उनकी कालजयी फिल्म 'प्यासा' और 'कागज के फूल' को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। प्रतिष्ठित टाइम पत्रिका ने इन दोनों फिल्मों को दुनिया की 100 सर्वश्रेष्ठ फिल्मों की सूची में स्थान दिया। इसके अलावा 'चौदहवीं का चाँद' और 'साहिब बीबी और ग़ुलाम' भी उनकी यादगार फिल्मों में शामिल हैं।
वहीं, 1938 में इसी दिन गुजरात के सूरत में जन्मे संजीव कुमार का वास्तविक नाम हरिभाई जरीवाला था। उन्होंने अपने सहज, प्रभावशाली और विविधतापूर्ण अभिनय से हिंदी सिनेमा में अलग पहचान बनाई। संजीव कुमार ने रोमांटिक, हास्य, गंभीर और चरित्र भूमिकाओं में समान दक्षता दिखाई।
उन्होंने 'आंधी', 'कोशिश', 'अंगूर', 'शोले', 'त्रिशूल' और 'नया दिन नई रात' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। विशेष रूप से कोशिश और आंधी में उनके अभिनय को आज भी हिंदी सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में गिना जाता है।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1816 - अर्जेंटिना ने स्पेन से स्वतंत्रता हासिल की।
1875 - बंबई स्टॉक एक्सचेंज की स्थापना।
1951 - देश में पहली पंचवर्षीय योजना (1951-56) को प्रकाशित किया गया।
1969 - वन्यजीव बोर्ड ने शेर को देश का राष्ट्रीय पशु घोषित किया। 1973 में शेर के स्थान पर बाघ को राष्ट्रीय पशु घोषित किया गया।
1973 - ब्रिटेन के 300 साल पुराने उपनिवेश बहामास में ब्रिटिश साम्राज्य का सूर्य अस्त हुआ।
1982 - तमाम सुरक्षा प्रणालियों को गच्चा देकर माइकल फागन नाम का एक शख्स ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के शयनकक्ष तक पहुंच गया।
1991 - दक्षिण अफ्रीका को ओलंपिक खेलों में दोबारा हिस्सा लेने की अनुमति मिली।
2000 - फिजी में जार्ज स्पीट तथा सैन्य नेताओं के मध्य समझौता सम्पन्न।
2001 - भारत द्वारा पाक सीमा पर दो चौकियां स्थापित करने की घोषणा।
2002 - 'आर्गेनाइजेशन ऑफ अफ्रीकन यूनिटी' का नाम बदलकर 'अफ्रीकन यूनियन' किया गया।
2004 - एशियाई विकास बैंक ने आतंकवाद से लड़ने हेतु अपने 42 सदस्य देशों के लिए एक कोष बनाया।
2007 - भारतीय मूल के अमेरिकी वैज्ञानिक हिमांशु जैन को ग्लास साइंस के क्षेत्र में ध्यातत्व कार्य हेतु ओट्टो स्कॉट रिसर्च पुरस्कार प्रदान किया गया।
2008 - ईरान ने लम्बी एवं मध्यम दूरी तक प्रहार क्षमता वाले नौ प्रक्षेपास्त्रों का परीक्षण किया।
2011 - सूडान एक जनमत संग्रह के बाद अलग देश बन गया, 98.83 फीसदी लोगों ने अलग देश के समर्थन में वोट किया।
जन्म
1819 - सिलाई मशीन के अविष्कारक एलायस हाउ का जन्म।
1845 - लॉर्ड मिण्टो द्वितीय - 1905 से 1910 ई. तक भारत का वाइसराय तथा गवर्नर-जनरल रहा।
1900 - सत्य नारायण सिन्हा - 'भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस' के राजनेता, संसदीय मामलों के मंत्री तथा मध्य प्रदेश के भूतपूर्व राज्यपाल।
1923 - मानकभाई अग्रवाल - दूसरी लोकसभा के सदस्य।
1925 - गुरु दत्त - प्रसिद्ध अभिनेता एवं निर्देशक
1930 - के. बालाचंदर, फ़िल्म निर्माता निर्देशक और पटकथा लेखक
1938 - संजीव कुमार - भारतीय अभिनेता
1962 - सुखबीर सिंह बादल - प्रसिद्ध भारतीय राजनीतिज्ञ, जो शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष हैं।
निधन
1991 - शेरी भोपाली - सुप्रसिद्ध शायर।
2015 - सरदार अंजुम - भारत के प्रख्यात शायर एवं लेखक हैं।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय