(लीड) अमेरिका ने ईरान के 80 स्थानों पर ताबड़तोड़ हमला किया

08 Jul 2026 09:22:53
सेंटकॉम ने ईरान पर हमले की पुष्टि एक्स पोस्ट पर की है।


-राष्ट्रपति पेजेश्कियान इराक से स्वदेश रवाना, नजफ में है खामेनेई का पार्थिव शरीर

वाशिंगटन/तेहरान, 08 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी सुरक्षा बलों ने ईरान के 80 स्थानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। यह हमले होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन जहाजों पर ईरानी हमलों के बाद किए गए। अमेरिकी मध्य कमान (सेंटकॉम) ने एक्स हैंडल पर इसकी पुष्टि की। सेंटकॉम ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सात जुलाई (स्थानीय समय) को ईरान के खिलाफ आक्रामक हमलों का नया दौर पूरा किया। होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के ताजा हमलों के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी गई। सुरक्षा बलों ने सटीक हथियारों के साथ 80 से अधिक ईरानी लक्ष्यों को निशाना बनाया ।

सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, कमांड और नियंत्रण नेटवर्क, तटीय रडार साइटों, जहाज-रोधी मिसाइल क्षमताओं और 60 से अधिक इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की छोटी नावों पर हमला किया। गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के हमलों के बाद अमेरिका ने उस पर प्रतिबंध लगाए हैं। तेहरान ने कहा कि वह जवाबी कार्रवाई करेगा। अमेरिका ने 17 जून के अंतरिम शांति समझौते के तहत तेहरान को तेल बेचने की छूट को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य के पास कमर्शियल जहाजों पर हमलों के बाद ईरानी तेल निर्यात पर फिर से प्रतिबंध लगा दिए हैं।

यह हमले ऐसे समय पर हुए जब ईरान दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। तेहरान शोक अवधि के दौरान हमलों के खिलाफ पहले ही चेतावनी जारी कर चुकी है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नाटो नेताओं ने अंकारा में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा की है। खामेनेई के ताबूत को अंतिम संस्कार के जुलूस के लिए इराकी शहर नजफ ले जाया गया है।

अरब न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ताजा हमलों से 28 फरवरी को शुरू हुई लड़ाई को हमेशा के लिए खत्म करने के मकसद से हो रही बातचीत में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। ईरानी तेल की खरीद पर अमेरिकी प्रतिबंध 1979 की ईरानी क्रांति के बाद से ही लागू थे। अमेरिका और इजराइल के सैन्य हमले के बाद वाशिंगटन ने समझौते के लिए छूट के तौर पर कम से कम दो बार ईरानी तेल की अस्थाई बिक्री को मंजूरी दी थी।

इस बीच इराक के नजफ में मौजूद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान अमेरिकी हमले की सूचना पाकर स्वदेश रवाना हो गए हैं। ईरान का शीर्ष नेतृत्व इस समय अपने नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के समारोह की रस्मों में व्यस्त है। खामेनेई का पार्थिव शरीर नजफ में है। ईरान के मशहद में गुरुवार को उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी की एक्स पोस्ट और अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान इराक से तेहरान लौट रहे हैं। राष्ट्रपति ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम संस्कार की रस्म में शामिल होने के लिए नजफ गए थे। खामेनेई का पार्थव शरीर मंगलवार को नजफ पहुंचा। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इराक का अपना दौरा पूरा करने के बाद बुधवार तड़के (स्थानीय समय) नजफ छोड़ दिया।

पेजेश्कियान की वापसी शोक में डूबे देश में अमेरिकी हमलों के बीच हो रही है। सेंटकॉम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में कमर्शियल जहाजों पर हमला करने के लिए ईरान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। कमान ने कहा कि ईरान की यह आक्रामकता संघर्ष विराम का स्पष्ट उल्लंघन है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी ईरान में सिरिक, केशम, बंदर अब्बास के पूर्व और पश्चिम में भी धमाके हुए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, सिरिक बंदरगाह पर प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या रॉकेट) कमर्शियल और फिशिंग पियर्स (जहाज घाटों) से टकराए। इससे पहले अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने मंगलवार को ईरान को जून में जारी लाइसेंस को रद्द कर दिया।

ईरान ने कहा कि अमेरिका ने लाइसेंस रद्द कर एमओयू का उल्लंघन किया है। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर हमलों की निंदा की है। उधर, ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने इस्लामी क्रांति के शहीद नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के लिए आयोजित श्रद्धांजलि समारोहों की मेजबानी करने पर इराकी सरकार और जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस कार्यक्रम को दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों का प्रतिबिंब बताया और कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0