कुसुमगर लिमिटेड का आईपीओ पहले दिन 3.45 गुना हुआ सब्सक्राइब

08 Jul 2026 22:26:53
कुसुमगर लिमिटेड के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स)। सिंथेटिक फैब्रिक बनाने वाली कंपनी कुसुमगर लिमिटेड के आईपीओ को बेहतर रिस्पॉन्स मिला है। इसमें बोली लगाने के पहले दिन बुधवार करे 3.45 गुना सब्सक्राइब किया गया है। इससे पता चलता है कि खुदरा और गैर-संस्थागत निवेशकों के बीच इस आईपीओ की जबरदस्त मांग है।

स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक ऑफर किए गए 1,14,68,094 इक्विटी शेयरों के मुकाबले इस इश्यू के लिए 3,95,95,045 इक्विटी शेयरों की बोलियां मिलीं। इसमें खुदरा हिस्सा और गैर-संस्थागत हिस्सा को क्रमशः 3.52 गुना और 7.35 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, योग्य संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी) का हिस्सा 0.47 गुना सब्सक्राइब हुआ है, जबकि कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्से को 1.69 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

कुसुमगर लिमिटेड का यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 08 जुलाई को खुला, जो शुक्रवार, 10 जुलाई को बंद होगा। इश्यू के खुलने से एक दिन पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 193.9 करोड़ रुपये जुटाए थे। बीपी वेल्थ, ईसीआईसीआई डायरेक्ट, एसबीआई सिक्योरिटीज और एसएमआईएफएस जैसी प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों ने कुसुमगर लिमिटेड के इश्यू सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।

सिंथेटिक फैब्रिक बनाने वाली कंपनी कुसुमगर लिमिटेड ने आईपीओ के लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 398-419 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। ये आईपीओ 650 करोड़ रुपये का ऑफर फॉरसेल (ओएफएस) है। इसके शेयरों के अलॉटमेंट को 13 जुलाई तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर 15 जुलाई को शेयर बाजार में सूचीबद्ध किये जाने का प्रस्ताव है।

उल्लेखनीय है कि 1990 में स्थापित ये कंपनी बुने हुए लेपित और लेमिनेटेड सिंथेटिक कपड़ों की निर्माता है, जिन्हें इंजीनियर्ड कपड़े कहा जाता है। कुसुमगर लिमिटेड कंपनी पॉलियामाइड्स और पॉलिएस्टर फिलामेंट्स और पॉलीयूरेथेन रसायन विज्ञान पर ध्यान केंद्रित करते हुए इंजीनियर कपड़े और समाधान प्रदान करती है जो अपने ग्राहकों की उच्च-प्रदर्शन आवश्यकताओं को पूरा करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0